Home / ॠषि परम्परा / भौतिक जगत की प्राणशक्ति सूर्य

भौतिक जगत की प्राणशक्ति सूर्य

नव संवत्सर विशेष आलेख

सामान्यतः सूर्य को प्रकाश और गर्मी का अक्षुण्ण स्रोत माना जाता है, किन्तु अब वैज्ञानिक यह जान गए हैं कि यदि सूर्य का अस्तित्व समाप्त हो जाए तो पृथ्वी पर विचरण करनेवाले सभी जीव-जन्तु तीन दिन के भीतर ही मृत्यु को प्राप्त हो जाएंगे। सूर्य के हमेशा के लिए अंधकार में डूबने के भीतर वायुमण्डल में विद्यमान समूची जलवाष्प ठण्डी होकर बर्फ के रूप में गिर जाएगी और असहनीय शीतलता से कोई भी प्राणी जीवित नहीं रह पाएगा।

लगभग ५० करोड़ वर्ष पहले से प्रकाशमान सूर्य की प्राणदायिनी ऊर्जा की रहस्य – शक्ति को ऋषि-मुनियों ने पांच हजार वर्ष पहले ही जान लिया था और वे ऋग्वेद में लिख गए थे, ‘आप्रा द्यावा पृथिवी अंतरिक्षः सूर्य आत्मा जगतस्थश्च।’ अर्थात विश्व की चर तथा अचर वस्तुओं की आत्मा सूर्य ही है। ऋग्वेद के मंत्र में सूर्य का आध्यात्मिक और वैज्ञानिक महत्त्व उल्लेखित है। प्रकृति के रहस्यों के प्रति जिज्ञासु ऋषियों ने हजारों वर्ष पहले जिस सत्य का अनुभव किया था, उसकी विज्ञान सम्मत पुष्टि अब २१वीं सदी में वैज्ञानिक प्रयोगों से सम्भव हो रही है।

सौर मंडल के सौर ग्रह, उपग्रह और उसमें स्थित जीवधारी सूर्य से ही जीवन प्राप्त कर रहें हैं। पृथ्वी पर जीवन का आधार सूर्य ही है । सभी जीव-जन्तु और वनस्पति जगत का जीवन-चक्र सूर्य पर ही पूर्ण रूप से आश्रित है। सूर्य के इन्हीं गुणों के कारण वैदिक काल में अनेक काव्यात्मक सूक्तों की रचना की गई और ऐतिहासिक काल में सूर्य मन्दिरों का निर्माण कराया गया।

आदिमानव को सूर्य इसलिए चमत्कृत व प्रभावित करता था, क्योंकि वह अंधकार से मुक्ति दिलाता था और ठण्ड से बचाता था। सूर्य के प्रदेय में कोई भेद नहीं है । काल गणना का दिशा – बोध भी मनुष्य को सूर्य ने ही दिया । इसलिए संसार की सभी जातियों और सभ्यताओं ने सूर्य को देवता के रूप में पूजा और अपनी-अपनी कल्पनाओं व लोकानुरूप मिथक गढ़े, जो किंवदंतियों के रूप में हमारे पास आज भी सुरक्षित हैं ।

भारतीय परिप्रेक्ष्य में वैदिक काल में सूर्योपासना ज्ञान और प्रकाश के एकीकरण के लिए की जाती थी। तैतरीय-संहिता में उल्लेख है कि सूर्य के प्रकाश से ही चन्द्रमा चमकता है। ‘छांदोग्य उपनिषद्’ में सूर्य को ब्रह्म बताया गया है। गायत्री मंत्र में सूर्य को तेज और बुद्धि का पर्याय माना गया है। रामायण में राम, रावण से युद्ध का श्रीगणेश करने से पहले सूर्य की स्तुति करते हैं।

महाभारत में तो कर्ण को सूर्य – पुत्र ही बताया गया है। कनिष्क तथा हुविष्क के सिक्कों पर सूर्य का अंकन है। कुषाणों ने अनेक नयनाभिराम सूर्य प्रतिमाओं का निर्माण कराया। हर्ष के राजकवि मयूर ने सूर्य की वंदना में सौ श्लोकों की रचना की। सूर्य की किरणों से चिकित्सा पर कई पुस्तकें लिखी गई हैं। यजुर्वेद में स्पष्ट कहा गया है कि अन्तरिक्ष में व्याप्त सभी विकीरणों में सूर्य की किरणें ही जीव-जगत के लिए लाभदायी हैं।

वैदिक रूप सूर्य को काल गणना का कारण मान लिया गया था। ऋतुओं में परिवर्तन का कारण भी सूर्य को माना गया। वैदिक समय में ऋतुचक्र के आधार पर सौर वर्ष या प्रकाश वर्ष की गणना शुरू हो गई थी, जिसमें एक वर्ष में ३६० दिन रखे गए। वर्ष को वैदिक ग्रंथों में संवत्सर नाम से जाना जाता है। नक्षत्र, वार और ग्रहों के छह महीने तक सूर्योदय उत्तर-पूर्व क्षितिज से, अगले छह माह दक्षिण पूर्व क्षितिज से होता है। इसलिए सूर्य का काल विभाजन उत्तरायण और दक्षिणायन के रूप में है।

उत्तरायण के शुरू होने के दिन से ही रातें छोटी और दिन बड़े होने लगते हैं। यही दिन मकर तथा कर्क राशि से सूर्य को जोड़ता है। इसलिए उस दिन भारत में मकर-संक्रान्ति का पर्व मनाने की परम्परा है। वेदकाल में यह साफ तौर से पता लगा लिया था कि प्रकाश, ऊर्जा, वायु और वर्ष के लिए समस्त भूमण्डल सूर्य पर ही निर्भर है। वेदकालीन सूर्य में सात प्रकार की किरणें और सूर्य रथ में सात घोड़ों के जुते होने का उल्लेख है। सूर्य रथ का होना और उसमें घोड़ों का जुता होना अतिरंजनापूर्ण लगता है।

हालांकि सूर्य रथ की कल्पना काल की गति के रूप में की गई। सात प्रकार की किरणों को खोजने में आधुनिक वैज्ञानिक भी लगे हैं। नए शोधों से ज्ञात हुआ है कि सूर्य किरणों के अदृश्य हिस्से में अवरक्त और पराबैंगनी किरणें होती हैं। भूमण्डल को गर्म रखने और जैव रासायनिक क्रियाओं को छिप्र रखने का कार्य अवरक्त किरणें और जीवधारियों के शरीर में रोग प्रतिरोधात्मक क्षमता बढ़ाने का काम पराबैंगनी किरणें करती हैं।

वेदकालीन सूर्यलोक में दो देवियों की भी कल्पना की गई है। ये हैं, उषा और सूर्या। ऋग्वेद में उषा की वंदना सूर्यों के साथ बीस सूक्तों में की गई है। सूर्योदय के समय अंधेरे और उजाले के बीच जो संधिवेला है, वही उषा की प्रतीक है। सौर देवी सूत्रों की ऋग्वेद में पूरे सूक्त में स्तुति की है । भूमण्डल को प्रकाशित करने का कारण उषा ही मानी जाती है।

विश्व के सबसे बड़े मेले कुम्भ और सिंहस्थ भी सूर्य के एक निश्चित स्थिति में आने पर लगते हैंI सिंहस्थ का पर्व तब मनाया जाता है, जब सिंह राशि में सूर्य आता है। इसमें स्नान एक निश्चित मुहूर्त में किया जाता है। वैदिक ग्रंथों के अनुसार, देव और दानवों ने समुद्र्-मंथन के दौरान अमृत कलश प्राप्त किया था। इसे लेकर विवाद हुआ। तब भगवान विष्णु ने सुंदरी रूप रखकर देवताओं को अमृत और दानवों को मदिरा पान कराया। राहू ने यह बात पकड़ ली। वह अमृत कलश लेकर भागा। विष्णु ने सुदर्शन चक्र छोड़कर राहू का सिर धड़ से अलग कर दिया। इससे सिर ‘राहू’ और धड़ ‘केतु’ कहलाया । इस छीना-झपटी में जहाँ-जहाँ अमृत की बूंदें गिरीं, वहाँ-वहाँ सिंहस्थ और कुम्भ के मेले लगने लगे।

इस वैदिक घटना को वैज्ञानिक सन्दर्भ में भी देखा जा रहा है। इस आख्यान एंव वैज्ञानिक शोध के बीच सामंजस्य बिठाया जा रहा है। प्रसिद्ध वैज्ञानिक डॉ. राम श्रीवास्तव का इस क्रम में कहना है, ‘हमारे सौर मंडल में एम. एस. ४०३ का एक तारा है। यह हमारे सूर्य से दस हजार गुना बड़ा सूर्य है । इसे एक ब्लैक होल निगल रहा है। जिस तरह से शेर के मुँह से अपने को छुड़ाने के लिए जानवर भागता है, ठीक उसी तरह यह दस हजार गुना बड़ा सूर्य ब्लैक होल के चारों ओर छूटकर भागने के लिए चक्कर काट रहा है। इस पूरी प्रक्रिया में जैसे किसी अनार दाने से आतिशबाजी की चिंगारियां निकलती हैं, एम. एस. ४३३ के दोनों ओर यह अतिशबाजी निकल रही है।

वैज्ञानिकों ने इसके प्रकाश का जब परीक्षण किया तो पाया कि ४३३ में ऐसे अनेक तत्व हैं, जिन्हें हमारा विज्ञान आज भी नहीं पहचानता। आज भी ऐसे तत्व अन्य किसी तारे में विद्यमान नहीं हैं। यह भी एक विचित्र संयोग है, जब सिंहस्थ का मेला लगता है तो एस. एस. ४३३ सूर्य के साथ सिंह राशि में बीचोंबीच स्थित रहता है और सिंहस्थ व कुम्भ स्नान के समय इससे निकलनेवाला प्रकाश तथा आतिशबाजी सीधे पृथ्वी की ओर इंगित रहते हैं। उदाहरणार्थ हमारे ऋषि-मुनियों ने सूर्य के अनेक रहस्यों को जानने के साथ मनुष्य के लिए उसकी उपयोगिता भी जान ली थी। इसलिए सिंहस्थ और कुम्भ जैसे मेलों की शुरूआत हुई।

ऋग्वेद में सूर्य ग्रहण का भी उल्लेख है। प्रसिद्ध ऋषि अत्रि सूर्य को सूर्य ग्रहण से मुक्त कराने का उपाय भी जानते थे। ऋग्वेद में उल्लेख है कि अंधकार रूपी स्वर्भानू असुर ने सूर्य को ग्रस लिया, तब अत्रि ने उसे अपने प्रताप के ग्रहण से छुड़ाया। ब्रह्माण्ड में घटी इस तरह की घटनाओं के प्रतिफल स्वरूप ही लोक जीवन से पुराकथाओं और किंवदंतियों का जन्म हुआ।

इसी तारतम्य में भारतीय सन्दर्भ में प्रमुख कथा है, ‘एक बार गणेशजी भरपूर आहार ग्रहण करने के बाद आराम कर रहे थे। इसी समय उन्होंने सूर्य और चन्द्रमा को अपने ऊपर हँसते पाया। इससे गणेश क्रोधित हो गए और उन्होंने कमर में लिपटे अजगर को आदेश दिया कि वह ब्रह्माण्ड में पड़े इन पिण्डों को निगल जाए।

अजगर ने सूर्य को निगलना शुरू कर दिया और पूरी सृष्टि अंधकार में डूब गई। चराचर में हाहाकर मचने लगा । तब भूलोकवासियों ने गणेश से इस संकट से मुक्त कराने की प्रार्थना की। तब गणेशजी द्रवित हुए। किन्तु उन्होंने एक शर्त रखी कि, सूर्य व चन्द्र को अपने किए का आभास कराने के लिए वे कुछ निर्धारित दिनों में आंशिक रूप से फिर सूर्य को निगल लिया करेंगे। इस मिथक के आधार पर ही सम्भवतः सूर्य ग्रहण देखने की जिज्ञासा जनमानस में उत्पन्न हुई।

इस कथा के पीछे वैज्ञानिक मत है कि पूर्ण सूर्यग्रहण से लगभग ३० सेकण्ड पहले आकाश में एकदम अंधेरा छा जाता है और सूर्य की किरणें ग्रहण के एक कोने से मुक्त होने लगती हैं, तब आकाश में ऐसी तरंगें फैल जाती हैं, जैसे कि लाखों सांपों के उलझे हुए गुच्छे फैल गए हों । पूर्ण ग्रहण समाप्त होने के बाद ऐसा ही अनुभव होता रहता है।

लगभग छह हजार वर्ष पहले किए एक पूर्ण सूर्य ग्रहण के अध्यन से अनुमान लगाया गया कि दो धुरियाँ हैं, पहली जिस पर धरती घूमती है और सूर्य का चक्कर लगाती है, दूसरी धुरी जिस पर चन्द्रमा धरती का चक्कर लगाता है। जिन बिंदुओं पर आकर वे एक दूसरे से मिलते हैं, उन्हें राहू और केतु कहा जाता है। ग्रहण का प्रभाव तभी सामने आता है जब सूर्य और चन्द्रमा एक सीध में आमने-सामने आकर परस्पर निकट से निकलते हैं।

ऋग्वेद में सूर्य ग्रहण का भी उल्लेख है। प्रसिद्ध ऋषि अत्रि सूर्य को सूर्य ग्रहण से मुक्त कराने का उपाय भी जानते थे। ऋग्वेद में उल्लेख है कि अंधकार रूपी स्वर्भानू असुर ने सूर्य को ग्रस लिया, तब अत्रि ने उसे अपने प्रताप के ग्रहण से छुड़ाया। ब्रह्माण्ड में घटी इस तरह की घटनाओं के प्रतिफल स्वरूप ही लोक जीवन से पुराकथाओं और किंवदंतियों का जन्म हुआ।

लेखक साहित्यकार एवं वरिष्ठ पत्रकार

आलेख

प्रमोद भार्गव लेखक/पत्रकार शब्दार्थ 49 श्रीराम कॉलोनी शिवपुरी म.प्र. मो. 09425488224, 9981061100

About nohukum123

Check Also

युवाओं के आदर्श प्रेरणा स्रोत श्री हनुमान

मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के सर्वोत्तम सेवक, सखा, सचिव और भक्त श्री हनुमान हैं। प्रभुराम …

One comment

  1. बहुत बढ़िया परिमार्जित लेख है। 👍👍👌👌💐💐

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *