आज का पंचांग

संवत् 2082 विक्रमी | चैत्र कृष्ण अष्टमी | बुधवार

नक्षत्र: ज्येष्ठा | योग: वज्र | करण: बालव

पर्व विशेष : | तदनुसार 11 मार्च 2026

आज का पंचांग

संवत् 2082 विक्रमी | चैत्र कृष्ण अष्टमी | बुधवार

नक्षत्र: ज्येष्ठा | योग: वज्र | करण: बालव

पर्व विशेष : | तदनुसार 11 मार्च 2026

यज्ञोपवीत- एक सूत्र जो है पवित्रता का प्रतीक

यज्ञोपवीत- एक सूत्र जो है पवित्रता का प्रतीक

यज्ञोपवीत अथवा जनेऊ सनातन परंपरा का एक अत्यंत पवित्र संस्कार है, जो उपनयन संस्कार के माध्यम से व्यक्ति को द्विजत्व प्रदान करता है। वैदिक परंपरा में ऋषि-ऋण, देव-ऋण और पितृ-ऋण से उऋण होने के लिए जनेऊ धारण अनिवार्य माना गया है। यह संस्कार जीवन को सुसंस्कृत करता है और नैतिक मूल्यों का संवर्धन करता है।

सनातन परंपरा में षोडश संस्कारों का क्या स्थान है और उन्हें कैसे संपन्न किया जाता है, यह हम सभी जानते हैं । पूर्व में कुछ लेखों के माध्यम से हमने इस विषय पर विस्तार से चर्चा की है, लेकिन आज हम इन षोडश संस्कारों में से एक अति महत्वपूर्ण संस्कार पर कुछ विस्तार से बात करेंगे।

सनातन धर्म में प्रचलित हैं षोडश संस्कार
सनातन धर्म में प्रचलित हैं षोडश संस्कार

हम बात कर रहे हैं उपनयन संस्कार की, जिसके संपन्न होने पर ही वह पवित्र सूत्र जिसे जनेऊ या यज्ञोपवीत कहा जाता है उसे धारण किया जा सकता है । इस संस्कार में मौंजीमेखला भी धारण करने के कारण इसे मौंजीबन्धनसंस्कार भी कहते हैं ।

जैसा कि हम सब जानते हैं संस्कारों का मुख्य प्रयोजन  है शुद्धिकरण अतः यह सूत्र न केवल एक धागा है, बल्कि जीवन की ज्ञानार्जन करने और आध्यात्मिक यात्रा का प्रारंभिक द्वार है, जो व्यक्ति को दिव्यता की ओर ले जाता है । वैसे तो इस संस्कार हेतु अलग-अलग वर्गानुसार अलग-अलग आयु बतायी गयी है परन्तु यदि अज्ञानतावश यज्ञोपवित नहीं हुआ हो तो अधिक उम्र हो जाने पर प्रायश्चित का संकल्प ले यागोपवित धारण करना चाहिए ।

सनातन परंपरा में संस्कारों का मूल प्रयोजन है जीवन के विभिन्न चरणों में व्यक्ति को विशेष-विशेष कर्मों द्वारा सुसंस्कृत करना तथा शुद्धिकरण । भिन्न-भिन्न संस्कार समयानुसार किए जाते हैं ताकि आत्मा के स्तर पर मनुष्य का जीवन परिष्कृत होता रहे ।

उपनयन संस्कार का शाब्दिक अर्थ है बालक को आचार्य के समीप विद्याध्ययन के लिए ले जाना । यह संस्कार जीवन को सुसंस्कृत करने और शुद्धिकरण के उद्देश्य से संपन्न किया जाता  है। विशेष रूप से, जिसे जीवन में द्विजत्व (दूसरा जन्म) प्राप्त करना हो, उसके लिए यह संस्कार अत्यावश्यक है ।

यज्ञोपवित संस्कार के बाद ही जनेऊ धारण किया जाता है 
यज्ञोपवित संस्कार के बाद ही जनेऊ धारण किया जाता है 

द्विजत्व प्राप्त न होने पर व्यक्ति को देवकार्य, पितृकार्य, विवाह, संध्या, तर्पण आदि पवित्र कार्यों का अधिकार नहीं मिलता । यह संस्कार व्यक्ति को सामान्य मनुष्य से ब्रह्मचारी के रूप में परिवर्तित कर देता है, उसमें नैतिक मूल्यों का संवर्धन करता है और व्यक्तित्व विकास में विशेष भूमिका निभाता है जैसे कोई बीज अंकुरित होकर वृक्ष बनने को तत्पर हो ।

प्राचीन ग्रंथ कौषीतिकी ब्राह्मण में स्पष्ट उल्लेख है: "यज्ञोपवीतमसि यज्ञस्य त्वा यज्ञोपवीतेनोपनह्यामि दीर्घायुत्वाय बलाय वर्चसे"। अर्थात, इस व्रतबंधन से बालक दीर्घायु, तेजस्वी और बलवान होता है। इसी प्रकार तैत्तिरीय संहिता बताती है कि मनुष्य जन्म से ही तीन ऋणों को लेकर पैदा होता है पहला-ऋषि-ऋण, दूसरा-देव-ऋण और तीसरा- पितृ-ऋण । इनसे मुक्ति तभी संभव है जब उपनयन संस्कार संपन्न हो ।

ऋषि-ऋण से मुक्ति हेतु बटुकों के लिए संस्कारोपरांत ब्रह्मचर्य का पालन आवश्यक है, देव-ऋण से उऋण होने के लिए यजन-पूजन अनिवार्य है, तथा पितृ-ऋण चुकाने के लिए गृहस्थधर्म निभाते हुए संतानोत्पत्ति करनी पड़ती है। ये सभी कार्य वही व्यक्ति कर सकता है जिसने जनेऊ धारण किया हो ।

कौषीतकि ग्रन्थ में जनेऊ के महत्त्व का वर्णन मिलता है
कौषीतकि ग्रन्थ में जनेऊ के महत्त्व का वर्णन मिलता है 

आजकल गुरुकुल परंपरा लुप्त हो चुकी है, अतः विवाह के रीति-रिवाज प्रारंभ होने से पूर्व सबसे पहले जनेऊ संस्कार संपन्न कर लिया जाता है, ताकि जीवन सुसंस्कृत बने उसकी नींव मजबूत हो और आगे का जीवन सुचारू ढंग से चलता रहे ।

यज्ञोपवित अथवा जनेऊ धारण करने के बाद व्यक्ति को अपने जीवन में पवित्रता और सात्विकता का कठोरता से पालन करना चाहिए । यह एक पवित्र सूत्र है, जो निरंतर अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का अनुभूति कराता रहता है । वैदिक ग्रंथानुसार यज्ञोपवित दो शब्दों ‘यज्ञ’ और ‘उपवीत’ के योग से बना है जिनका अर्थ है यज्ञ से पवित्र किया गया सूत्र ।

जैसे कोई ज्योति अंधकार को दूर भगाती है, वैसे ही जनेऊ व्यक्ति को अच्छे कर्मों की ओर प्रेरित करता है और बुरे कर्मों से दूर रखता है। यह सूत्र छाती पर लिपटा रहकर हृदय को शुद्ध संकल्पों से भर देता है ।

बहुत से लोग यह कुतर्क देते हैं कि सनातन धर्म में स्त्रियों के साथ भेदभाव किया जाता है और संभवतः इस लेख को आधा पढ़ने पर यह तर्क पुनः उनके मन में गोते खाने लगेगा पर सनातन धर्म और वैदिक परम्पराएं बहुत वैज्ञानिक हैं धीरे-धीरे इसकी स्वीकारोक्ति वैश्विक स्तर पर भी होने लगी है इसलिए हम बताना चाहेंगे कि ऐसा नहीं कि स्त्री के लिए यज्ञोपवित का कोई प्रावधान नहीं उसकी विधि अलग है चलिए जाने ऐसा क्यों?

संस्कारों के पालन में शुचिता और पवित्रता बहुत अनिवार्य है परन्तु स्त्री शरीर की संरचना प्रकृति ने कुछ ऐसे की है, कि उसे अपने जीवनकाल में कई बार ऐसी अवस्था में रहना होता है जब वह शारीरिक तौर पर कुछ नियमों का अनुपालन करने में समर्थ नहीं होती ।

जैसे रजस्वला और प्रसव काल में, इसलिए ऐसी व्यवस्था बनायीं गयी कि विवाह से भिन्न स्त्रियों का पृथक उपनयन- संस्कार न हो और यही कारण है विवाह के पूर्व वर के लिए यज्ञोपवित संस्कार अनिवार्य किया गया है ताकि वरप्रदत उपवस्त्र को ही जनेऊ की तरह लपेटकर कन्याओं द्वारा उपनयन-सुत्रधारण कर लिया जाये ।

कन्याओं को भी है यज्ञोपवीत का अधिकार
कन्याओं को भी है यज्ञोपवीत का अधिकार

सनातन परंपरा में जनेऊ का महत्त्व असीम है, क्योंकि यह व्यक्ति को द्विजत्व प्राप्त करने में सहायक होता है, इसके पश्चात ही विद्यारंभ होता है । यह पवित्रता-सात्विकता का पालन कराता है, कर्तव्यों-दायित्वों के निर्वहन में मार्गदर्शक बनता है। जनेऊ धारण से व्यक्ति में नैतिक मूल्यों का संवर्धन होता है, जो उसे सदाचरण की राह दिखाता है।

उपनयन संस्कार और जनेऊ धारण एक ऐसा महत्वपूर्ण संस्कार है जो व्यक्ति को जीवन भर मार्गदर्शन देता है। यह न केवल द्विजत्व प्रदान करता है, बल्कि कर्तव्यों-जिम्मेदारियों का गहन बोध कराता है । अच्छे कर्मों की प्रेरणा देकर यह जीवन को पवित्र बनाता है । इसलिए, यह संस्कार सनातन धर्म और षोडश संस्कारों का अभिन्न अंग है।

लेख-
सोनल बाजपेयी
शोधार्थी- भारतीय संस्कृति एवं ज्ञान परंपरा

Follow us on social media and share!