आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिक शुक्ल द्वितीया | मंगलवार

नक्षत्र: अनुराधा | योग: शोभन | करण: बालव

पर्व विशेष : | तदनुसार 10 नवंबर 2026

आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिक शुक्ल द्वितीया | मंगलवार

नक्षत्र: अनुराधा | योग: शोभन | करण: बालव

पर्व विशेष : | तदनुसार 10 नवंबर 2026

हमारे भारत की जिजीविषा की प्रतीक : महारानी दुर्गावती

हमारे भारत की जिजीविषा की प्रतीक : महारानी दुर्गावती


भारत में यह जनसाधारण की मान्यता है कि व्यक्ति की ही तरह राष्ट्र भी एक जीवमान सत्ता होती है। मानव जीवन में आने वाले उतार-चढ़ावों, संकटों की ही तरह किसी राष्ट्र के जीवन में भी संकटों का आना-जाना लगा रहता है। पर अतीत हमें यह बताता है कि भारत के साथ जन्में विश्व के लगभग सभी राष्ट्र काल के गाल में समा चुके हैं, केवल भारत की काल के थपेड़ों को सहता हुआ आज तक अस्तित्वमान है। इसका कारण है - जिजीविषा। जीवने की ललक। यह निसर्ग की मूल प्रकृति है। मनुष्य और प्राणियों में यह जिजीविषा बड़ी सामान्य है, और हम सबके प्रत्यक्ष भी है। परन्तु राष्ट्रों की जिजीविषा क्या होती है? उसका पता हमें कैसे चलता है?

इसका उत्तर बड़ा सरल-सा है। अतीत में किसी राष्ट्र ने स्वयं पर आने वाले संकटों से स्वयं को कैसे बचाया? उनसे सीख लेकर स्वयं में ऐसा क्या परिवर्तन किया, जो उसे आगे आने वाले संकटों के प्रति प्रतिरोधकता प्रदान करे? इन कुछ लक्षणों के आधार पर हम उस राष्ट्र की जिजीविषा पता लगा सकते हैं। यदि हम विल ड्यूराण्ट आदि पाश्चात्य विचारकों के मत को लेकर चलें, तो भी हमें यही समझ आता है कि कोई सभ्यता तभी चिरंजीव रह सकती है, जब उसने सुदृढृ सामाजिक आधार पर राजनीतिक-सैन्य संगठन विकसित कर लिए हों। यही इस जिजीविषा के पोषक होते हैं।

भारत के सम्बन्ध में बात करें, तो हमारे अतीत से आजतक हमें वह सुदृढ़ सामाजिक आधार निरन्तरता में मिलता है, जिसकी रक्षा के लिए राजनीति और सैन्य संगठनों ने महत्वपूर्ण भूमिकाएँ निभाई हैं। पहली सहस्राब्दी में अजेय सैन्यसंगठन से युक्त राज्य ने जहाँ भारत की सामाजिक प्रगति को उँचे आयाम प्रदान किए, वहीं राजनीतिक अस्थिरता के बीच हुए बाह्य आक्रमणों के दौर में उसी सैन्य संगठन ने सैन्यप्रतिकार के द्वारा भारत की जिजीविषा को बनाए रखा।

एक सहस्राब्दी तक चला स्वाधीनता संग्राम
प्राय जब हम स्वाधीनता संग्राम की बात करते हैं, तब हम 1857 से आरम्भ कर 1947 तक की 90 वर्ष की अवधि को ही देखते हैं। पर ईसा की दूसरी सहस्राब्दी के आरम्भ में इस्लामी आक्रान्ताओं के हाथों अपनी स्वाधीनता गँवाने के बाद से ही जो अदम्य प्रतिकार हमने दिखलाया, उन्हें हम स्वाधीनता संग्राम में न देखने की बड़ी भूल करते आ रहे हैं। जब बड़े-बड़े प्राचीन राष्ट्र अब्राहमिक मजहबों की राजनीतिक महत्त्वाकांक्षा और सांस्कृतिक आक्रमणों से कुछ वर्षों में नष्ट हो गए, वहीं भारत ने लगभग 1000 वर्षों तक इन आक्रमणों से अपनी रक्षा की और पराधीनता से मुक्त भी हुआ। इसलिए पराधीनता के बावजूद यह हमारे अतीत का सबसे गौरवशाली क्षण है।

जब दुर्गावती के रूप में हमारी जिजीविषा ने स्वयं को प्रकट किया
मध्यकाल में इस्लामी अत्याचारों के बीच भारत की इसी अतुल्य जिजीविषा ने महारानी दुर्गावती के रूप में व्वयं को प्रकट किया। इस्लामी आक्रमणों के पराभव में हम विजयनगरम् साम्राज्य व मराठों द्वारा स्थापित हिन्दू पदपादशाही को महत्त्वपूर्ण मानते रहे हैं। पर ये दो बिन्दु हैं। इन दोनों बीच निराशा का एक बड़ा कालखण्ड था, जब एक ओर भक्ति आन्दोलन समाज की चेतना को बचाए रख रहा था, वहीं दूसरी ओर मध्यभारत में व्याप्त गोण्डसाम्राज्य के कालखण्ड में राजपूताने और मध्यभारत के विशाल भूभाग में व्याप्त गोण्ड साम्राज्य का भी रहा। इन्होंने प्रतिकार की उस ज्वाला को बनाए रखा, जिसके कारण इस्लामी आक्रान्ता भले ही राजनीतिक रूप से कुछ समय के लिए हावी रहे हों, पर अन्तिम विजय भारत की ही हुई। महारानी दुर्गावती इसी महत्त्वपूर्ण गोण्ड राजवंश की सबसे प्रसिद्ध शासक रही हैं।

चन्देलों की बेटी बनी गोण्डों की रानी
गढ़ कटंगा की महारानी दुर्गावती महोबा के राजा शालिवाहन की पुत्री थीं। वे चन्देल राजपूत परिवार से थीं और उनका विवाह गढ़ कटंगा के गोण्ड राजा दलपत शाह से हुआ था। आज भले ही गोण्डों को अनुसूचित जनजाति के रूप में वर्गीकृत किया गया है, पर उस समय वे भारत के सबसे समृद्ध व प्रभुत्वशाली साम्राज्य के शासक हुआ करते थे। इसी गोण्ड राजकुल में चन्देलों की बेटी दुर्गावती ब्याही गईं थी।

गढ़-कटंगा की महारानी दुर्गावती
गढ़-कटंगा की महारानी दुर्गावती

राज्य की बागडोर से स्वाधीनता की रक्षा तक
दुर्गावती एक बड़े राजकुल की कुलवधू थीं, पर इससे विधि का लिखा मिट नहीं सकता था। रानी को शीघ्र ही वैधव्य मिला। राजा दलपत शाह की मृत्यु हो गई। पुत्र नारायण अभी अवस्था में छोटे थे, इसलिए रानी दुर्गावती का जीवन शीघ्र ही राज्य के कार्यों का केन्द्र बन गया। रानी ने राज्य की जिम्मेदारी सँभाली।

ऐतिहासिक वृत्तान्तों में मालवा के शासक बाज बहादुर के विरुद्ध उनके प्रतिकार का वर्णन मिलता है, जिसके आक्रमण को उन्होंने विफल कर दिया था। जब एक अधिक शक्तिशाली साम्राज्य का संकट उनके सामने आया, तब तक वे अपने राज्य की रक्षा की सामर्थ्य दिखला चुकी थीं।

अकबर के शासनकाल में मुगल सत्ता भारत के बड़े भूभाग में फैल रही थी। 1564 में मुगल सेनापति आसफ खाँ ने गढ़ कटंगा पर आक्रमण किया। दुर्गावती के सामने ऐसी सेना थी, जिसके पास तोपखाने सहित प्रबल सैन्य साधन थे। इस आक्रमण से उनके राज्य की स्वाधीनता और अपने अल्पवयस्क पुत्र के लिए बनाए रखी गई शासनसत्ता को संकट उत्पन्न हुआ। उन्होंने प्रतिकार का निर्णय लिया और स्वयं संघर्ष में उतरीं।

आसफ खाँ से नर्रई का युद्ध
आसफ खाँ से नर्रई का युद्ध

वे कुशल सैन्य-संचालन करते हुए अदम्य वीरता के साथ लड़ीं। उनके पुत्र वीर नारायण भी राज्य की रक्षा के लिए युद्ध में उतरे। दुर्गावती ने घोड़े की लगाम मुँह से पकड़कर अपने दोनों हाथों में तलवारें धर ली और गाजर-मूली की तरह शत्रुरूप इस्लामी सेना को काटने लगी। माता-पुत्र द्वारा प्रस्तुत दृढ़ प्रतिकार के बावजूद मुगल सेना का पलड़ा भारी हुआ। युद्ध में गम्भीर रूप से घायल हो चुकी महारानी दुर्गावती ने अंतिम श्वास तक इस्लामी आक्रमण का प्रतिकार करते हुए 24 जून 1564 को अपने प्राण त्याग दिए। उनका साहस और बलिदान विस्तारवादी इस्लामी सत्ता के विरुद्ध प्रतिकार का स्थायी प्रतीक बन गया।

हमारी अजस्र प्रेरणा की स्रोत
उनका जीवन भारतीय इतिहास में महिलाओं के प्रति हमारी समझ को भी विस्तार देता है। औपनिवेशिक मानसिकता से ग्रस्त भारत के इतिहास में महिलाएँ प्रायः हाशिये पर दिखलाई जाती हैं। लेकिन भारत के इतिहास में  रानी दुर्गावती का चरित्र इन मिथकों को सर्वथा नकार देता है। एक ओर वे राज्य की श्री-समृद्धि बढ़ाने वाली कमला हैं, तो दूसरी ओर रणभूमि में अपने नाम को सार्थक करती हुई रणचण्डी दिखलाई पड़ती है।

राजनीतिक विजय को ही सबकुछ मान लेने वाले युग में रानी का चरित्र हमें एक और महती शिक्षा देता है। सशस्त्र युद्ध में भले ही रानी हार गईं, लेकिन उनके असीम साहस और अप्रतिहत शौर्य ने भारतीय समाज में उस आवश्यक बल और आत्मविश्वास का संचार कर दिया, जो इस्लामी सांस्कृतिक आक्रमण के विरुद्ध भारतीय संस्कृति की रक्षा के लिए पर्याप्त था। वैचारिक युद्ध के वर्तमान युग में यह और भी प्रासंगिक हो जाता है। और यही कारण है कि रानी दुर्गावती भारतीय राष्ट्र की अमिट जिजीविषा का साकार रूप कहने में कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी।

अंतिम क्षण तक प्रतिकार
अंतिम क्षण तक प्रतिकार

आज आवश्कता है कि उनसे प्रेरणा पाकर हम भी चतुर्दिक वैचारिक-सांस्कृतिक आक्रमणों के बीच अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए अपनी संस्कृति और विरासत की रक्षा कर पाने में सर्वथा समर्थ हों। रानी दुर्गावती की जयन्ती के अवसर पर ईश्वर से इसी विनम्र प्रार्थना के साथ!

लेख-
दक्षिण कोसल टुडे

Follow us on social media and share!