आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | वैशाख शुक्ल पंचमी | मंगलवार

नक्षत्र: मृगशिरा | योग: शोभन | करण: बव

पर्व विशेष : | तदनुसार 21 अप्रैल 2026

आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | वैशाख शुक्ल पंचमी | मंगलवार

नक्षत्र: मृगशिरा | योग: शोभन | करण: बव

पर्व विशेष : | तदनुसार 21 अप्रैल 2026

भारतीय संस्कृति में स्वास्तिक शब्द

भारतीय संस्कृति में स्वास्तिक शब्द

भारतीय संस्कृति विभिन्न मान्यताओं, परम्पराओं, विश्वासों और सामाजिक और धार्मिक रीति-रिवाजों से परिपूर्ण है। इसके समान कोई अन्य मिसाल संपूर्ण विश्व में मिलना मुश्किल है। इसी संस्कृति का एक अभिन्न अंग है स्वास्तिक चिह्न। भारतीय संस्कृति में स्वास्तिक शब्द और इसके मूर्त रूप स्वास्तिक चिन्ह का व्यापक प्रयोग होता है। इस शब्द की अभिव्यक्ति को सुखदाई कल्याणकारी और मंगलमय आदि शुभ भावों को लेकर आशीष देने के प्रयोग में लाया जाता है।

यह शब्द अतीत काल से हो विश्व की मंगल कामना का सूचक बना हुआ है। ऋग्वेद सबसे प्राचीन साहित्य है। इसमें स्वस्ति शब्द कई स्थानों पर मिलता है। वैसे तो वैदिक ऋचाएं विश्व कल्याण के भावों को ही व्यक्त करती है क्योंकि कोई भी स्तुतिकर्ता स्वयं के लिए कोई इच्छा प्रकट नहीं करता है। सभी जगह बहुवचन का प्रयोग कर सृष्टि की समस्त मानव जाति की भलाई के लिए स्तुतियां की गई हैं। ऋग्वेद का निम्नलिखित श्लोक समाज कल्याण के भाव को प्रदर्शित करने में पूर्ण रूप से समर्थ है:-

'स्वस्ति नः पथ्यामु धन्वसु स्वस्तयसु वृजेन स्वर्वति।
स्वस्ति नः पुत्र कृशेष योनिशु स्वस्ति रामे मरूतो द्वात्तन ॥'

इस श्लोक में मार्ग, मरूभूमि, युद्ध आदि में सभी मनुष्यों के कल्याण की शुभकामना की गई है। यहां तक कि धन उपलब्धि में सफलता और गर्भस्थ शिशुओं तक की मंगलमय स्थिति के लिए भी प्रार्थना की गई है। इसी तरह यजुर्वेद में भी स्वस्तिक की व्यापक भावना मिलती है:-

'स्वस्ति नः इन्द्रों वृद्ध श्रवाः स्वस्ति नः पूषा विश्व वेदा।
स्वस्ति नः स्वाक्षयों अरिष्ठ नेमिः स्वस्तिने बृहस्पतिर्दधातु ॥'

इस ऋचा को सभी शुभ अवसरों पर कार्य के आरंभ में ही उच्चरित किया जाता है, ताकि विश्व की मंगलमय भावनाओं के साथ कार्य संपन्न हो जाए। हिंदू सनातन धर्मानुयायिओं के लिए 'स्वास्तिक' या 'सतिए' का चिह्न अज्ञात अथवा नया नहीं है। श्री गणपति का चिह्न होने से यह मंगल सूचक माना जाता है। लग्नादिक शुभ कार्यों में गणपति का पूजन होता है। फिर कहीं कार्यारंभहोता है। कर्मकांडी बाह्मण या आचार्य एक पट्टे पर रोली से स्वास्तिक का चिन्ह बनाकर उसको गणपति का चिन्ह मान कर उसका पूजन करते हैं।

यद्यपि यह चिह्न हिंदू मात्र का जाना माना है फिर भी इसका गूढ़ रहस्य बहुत कम लोग जानते हैं। योग दर्शन में हठयोग की क्रिया का ज्ञान रखने वाले जानते हैं कि मानव देह में योगमार्ग में 6 स्थान हैं, जिन्हें पटचक्र भी कहते हैं। पहला स्थान मूलाधार चक्र या आधार चक्र का है। इस एक चक्र में एक-एक कमल और एक-एक अधिष्ठात्र देवता का स्थान है।

आधार चक्र में चतुर्दल कमल है और ये चक्र स्वस्तिकाकार है, जिसके अधिष्ठात देवता श्री गणपति है। गणपति जिनके स्थान तक पहुंचे बिना योगी आगे गति नहीं कर सकते, एक मंगल कारक देवता है। अतः प्रत्येक मंगल कार्य में प्रथम श्री गणपति पूजे जाते हैं। इसलिए उनके चिह्न स्वास्तिक को मंगल सूचक माना जाता है।

बंगाल तथा मद्रास में आज भी स्वास्तिक के चिह्न अनेक रूपों में सजावट के मौके पर व्यवहृत होते है। इन दोनों प्रांतों में अल्पना (स्वास्तिक का एक रूप) का चिन्ह तो बहुत ही प्रचलित है। गुजरात के घरों में दीवारों की वंदनवारों को इस चिन्ह द्वारा मोतियों से अलंकृत किया जाता है। हिंदू घरों में प्रत्येक उत्सव पर यह चिन्ह द्वार की चौखट पर या आंगन में बनाया जाता है। हिंदुओं के विवाहोत्सव में ये चिन्ह उस दीवार पर अंकित किये जाते हैं जिस पर कुल देव चित्रित रहते हैं।

प्रत्येक शुभअवसरों पर पुरोहित स्वास्तिक के चिह्न कुमकुम द्वारा अंकित करते हैं। विवाह के मौके पर वर-वधू के मुकुट पर स्वास्तिक चिह्न अंकित किया जाता है जो शुभ माना जाता है। हिन्दू दुकानदार अपने हिसाब-किताब के बहीखाते दीपावली के दिन बदलते हैं। बहीखाते की क्रिया उत्सव के साथ सम्पन्न होती है। बहीखाते के प्रथम पृष्ठ पर स्वास्तिक का चिह्न कुमकुम से अंकित किया जाता है।

इस चिह्न से वही अर्थ निकाला जाता है कि सिद्धिदाता भगवान श्री गणेश जी उन्हें आशीर्वाद दें और अपना कृपा दृष्टि की नजर डालते हुए, ऐसे हालात उत्पन्न करें जिससे उनके व्यापार में उन्नति हो। इसके अलावा स्त्रियों के आभूषणों एवं गहनों में भी इस चिह्न की प्रधानता काफी पाई जाती है। गले की चेन के लॉकेट पर, अंगूठी में, चाबी के छल्ले पर, कानों के बुन्दों में, चूड़ियों पर और यहां तक कि स्त्री, पुरूष के एवं बच्चों के वस्त्रों पर व अन्य कई रूपों में यह चिह्न अलंकारों की शोभा में वृद्धि करता है। मंदिर में पुजारी की धोती पर भी यह सिंह देखा जा सकता है।

स्वास्तिक के चिह्न बौद्ध और जैन धर्मानुयायियों के यहां भी सहज रूप में देखे जा सकते हैं। बौद्ध लामा पवित्रता तथा भगवान गौतम बुद्ध का आशीर्वाद पाने के अभिप्रायः से स्वास्तिक चिह्न व्यवहार में लाते थे। दार्जिलिंग की वेधशाला पहाड़ी के ऊपर स्थानीय लामाओं के देवता महाकाल की बलिवेदी पर स्वास्तिक के दो विशाल चिह्न अंकित हैं। बौद्ध तथा जैन अनुयायी अपने त्योहारों पर इस चिह्न का प्रयोग करते हैं।

स्वास्तिक चिह्न का व्यवहार अनेक अभिप्रायों से किया जाता है। जन साधारण की धारणा है कि यह एक चिह्न है और सूर्य की चाल को चित्रित करता है। ऐसा माना जाता है कि यह चिह्न पहले-पहल सूर्य पूजा का चिह्न था। भारतीय लोगों का विचार है कि यह चिह्न  'ॐ' तथा स्वास्ति (कल्याण) से संबंध रखता है। कुछ विद्वानों के अनुसार यह चिह्न प्राचीन वैदिक काल में बनाए जाने वाले अग्नि कुंड से निकला है जिसका ढांचा लगभग ऐसा ही होता था।

जाति विज्ञान के जर्मन पंडित स्वास्तिक की उत्पत्ति पांच हजार वर्ष पूर्व आर्यों द्वारा बतलाते हैं। कहा जाता है कि आर्य लोग अनार्यों से भिन्नता रखने के लिए इस चिन्ह का प्रयोग करते थे। एक विद्वान का मानना है कि यह बलिदान सूचक चिह्न है तथा बलिवेदी की प्रदक्षिणा की ओर संकेत करता है। आर्यों के प्राचीन गांवों में चौराहों पर स्वास्तिक के चिह्न बने रहते थे। ऐसा कहा जाता है कि स्वास्तिक के चिह्न आर्यों की सैनिक छावनी के प्रवेश द्वारों पर बने रहते थे।

विश्वास यह था कि ये चिह्न छावनियों की विपत्तियों से रक्षा करते थे। ब्रहम जानी वेदान्ती जन स्वास्तिक को पर ब्रह्म का ही चिह्न बतलाते हैं। वे कहते हैं कि 'ॐ' का ही विकृत चिह्न स्वास्तिक हो गया है। चित्र 'क'  'ख' से उनकी इस उक्ति की पुष्टि होती है। इन चित्रों की लकीरों को गिनने से पता चलता है कि दोनों ही 8 मात्राओं से बनाए गए हैं। 'स्वास्तिक' श्री महालक्ष्मी जी का भी चिह्न है।

शाक्त धर्मानुयायी एवं तांत्रिक भी अपने कार्य सिद्धि अनुष्ठान में स्वास्तिक को प्रथम स्थान देते हैं। ईसाई धर्म का क्रॉस भी स्वास्तिक का ही सूक्ष्म रूप सिद्ध माना जाता है। अतः इसकी धार्मिक महत्ता है। इसके अलावा यह चिह्न हमारे कुशल एवं निपुण इंजीनियरों एवं मिस्त्रियों के लिए भी नगर निर्माण का एक ढांचा है। जयपुर नगर स्वास्तिकाकार ढांचे पर ही बना हुआ है। हमारे प्राचीन ऋषि-मुनियों ने भी अपने नगर स्वास्तिकाकार ही बसाए थे। राजा-महाराजाओं के महलों का पर्याय संस्कृत में स्वास्तिक ही कहा जाता है।

सामुद्रिक शास्त्रानुसार जिस मनुष्य की देह पर स्वास्तिक का चिह्न हो, वह परम भाग्यशाली माना जाता है। माना जाता है कि ऐसा मनुष्य जहां भी जाता है, उसका अनुकूल प्रभाव दूसरों पर पड़ता है जिससे दूसरे लाभान्वित होते हैं। युद्ध शास्त्र के अनुसार स्वास्तिक व्यूह में फंसा हुआ शुत्र कठिनाई से ही निकल सकता है। जैन धर्मावलम्बियों के लिए स्वास्तिक एक परम मांगलिक चिह्न है। यहां तक कहा जाता है कि ये चिह्न यदि स्वप्न में दीखे तो मंगल होता है।

इसी प्रकार स्वास्तिक शब्द का प्रयोग उत्तरोत्तर अनेक ग्रंथों में वैदिक काल के पश्चात् बराबर मिलता है। इस चिह्न की चार भुजाएं केन्द्र बिंदु के समकोणों पर आधारित हो कर विश्व की चार दिशाओं की द्योतक हैं। भुजाओं का दायीं ओर को मुड़ना सूर्य पथ का प्रतीक बनता है। इस प्रकार इस मंगलमय चिह्न में सूर्य, पृथ्वी, दिशाएं और समस्त विश्व मैत्री और कल्याण की भावनाएं केन्द्रित की गई हैं। यही कारण है कि इस चिह्न को शुभ सूचक मान कर युग-युगांतर से हर मंगलमय वस्तु व मंगलमयी बेला पर कार्यारंभ में ही प्रयोग लाया जाता है।

भारतीय मुद्रा प्रणाली द्वारा भी स्वास्तिक की भावना को विस्तृत रूप से व्यक्त किया गया है। वैदिक काल में गाय आदन प्रदान का माध्यम थी। गाय को सर्वाधिक कल्याणमयी समझ कर युग से ले कर अब तक इस देश का सर्वोपरि जीव माना गया है। इसके बाद सिक्कों पर सर्व सम्पन्नता की अभिव्यक्ति कई मंगलमय चिह द्वारा की गई है। तक्षशिला, मथुरा, उज्जैन, अयोध्या, मालवा आदि गणराज्यों के सिक्कों पर हाथी, गाय और स्वास्तिक चिह्न मुद्रा संचालन में निहित मंगलमयी भावना के प्रत्यक्ष प्रतीत हैं।

राजस्थान में पुत्र जन्मोत्सव पर बच्चे की बुआ गोबर व पिसे हुए चावल से द्वार के दोनों ओर स्वास्तिक या सातिर रखती है ताकि श्री गणपति समस्त प्रकार की विघ्न बाधाओं को बच्चे से दूर रखे। यह उत्सव काफी धूमधाम से मनाया जाता है। भारत की इस कल्याणकारी भावना का प्रसार विश्व के अन्य देशों में भी पाया जाता है।

चीन की साम्राज्ञी 'यू' ने स्वास्तिक चिह्न को सूर्य का प्रतीक मानने की राजाज्ञा घोषित कर दी थी। वहां के रेशम व अन्य वस्तुओं पर इस चिन्ह का प्रयोग मिलता है। जापान, मिश्र व यूनान आदि देशों में भी स्वास्तिक की व्यापकता के प्रमाण कम नहीं मिलते। अमरीका के पाषाण युग में भी स्वास्तिक के चिह्न मिलते है। ये चिन्ह अमरीका के प्राचीन समाधि स्थलों पर तथा मैक्सिको और पेरुविया के प्राचीन कीर्ति-स्तंभों पर पाए जाते हैं।

एशिया में पहले-पहल इस चिह्न का पदार्पण वेविलोनिया की प्राचीन राजधानी 'सूसा' में हुआ था। जापान, चीन तथा तिब्बत में यह प्राचीन काल से अब तक व्यवहृत होता आ रहा है। इंग्लैंड में लोग इसे पलाई फुट कहते हैं जिसका अर्थ चौपाया होता है। स्कैंडेनेविया में इसे लोग 'धौर की हथौड़ी' कहते हैं। यूरोप की एक दंत कथा के अनुसार' भौर' सूर्य का पुत्र तथा वर्षा का देवता है। यह मानी हुई तथा प्रमााणिक बात है कि स्वास्तिक चिन्ह बहुत प्राचीन है परंतु विश्व में यह इतना प्रसिद्ध नहीं था।

एक शक्तिशाली राष्ट्र का राष्ट्रीय चिह्न होने के कारण इसकी सर्वप्रियता तथा प्रतिष्ठा बहुत बढ़ गई है। यह चिह्न हिटलर के नाजी दल के बैज का चिह्न बनकर विख्यात (या कुख्यात ?) हो गया है। आज भी जर्मनी में हिटलर की जेल (संग्रहालय) में स्वास्तिक चिह्न बना हुआ देखा जा सकता है। नाजियों के झंडे पर यह चिह्न तिरछा अंकित किया जाता था। ऐसा माना जाता है कि तिरछा अंकित करने से ये बिह एक खास एवं विशेष ढंग से लाभ पहुंचाता है।

भारत में इस चिह्न को अंकित करने की दूसरी ही रीति अथवा परम्परा है। कभी-कभी स्वास्तिक के चतुष्कोणों पर केवल चार बिदुओं का निशान भर ही दिया जाता है। आज के इस अति आधुनिक समय में भी स्वास्तिक शब्द व चिह का प्रयोग व्यापक रूप से किया जाता है। पुरानी पीढ़ी के लोग तथा हमारे देहात में बसे परिवार आज भी पत्रों का आरंभ 'स्वास्तिक' या 'ॐ' से करते हैं। संस्कृत या उससे संबंध रखने वाले लोग अब भी 'स्वास्ति भवः' से ही आशीष देते हैं। ये सब हमारे समाज में व्याप्त विश्व कल्याण की भावना को दर्शाता है।

श्री प्रदीप शर्मा खुसरो
भारतीय संस्कृति में स्वास्तिक शब्द
"संस्कृति: अंक-04"

Follow us on social media and share!