आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिक शुक्ल द्वितीया | मंगलवार

नक्षत्र: अनुराधा | योग: शोभन | करण: बालव

पर्व विशेष : | तदनुसार 10 नवंबर 2026

आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिक शुक्ल द्वितीया | मंगलवार

नक्षत्र: अनुराधा | योग: शोभन | करण: बालव

पर्व विशेष : | तदनुसार 10 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ में नवरात्रि की लोकपरम्पराएँ: सोनपैरी और लचकेरा

छत्तीसगढ़ में नवरात्रि की लोकपरम्पराएँ: सोनपैरी और लचकेरा


भारत के विभिन्न अंचलों में नवरात्रि के पर्व को मनाने की अपनी विशिष्ट लोक-परम्पराएँ हैं। एक ओर गुजरात में गरबा और डांडिया की थाप पर देवी की आराधना होती है, तो दूसरी ओर बंगाल व कोलकाता में दुर्गा पूजा की भव्यता दिखाई देती है। छत्तीसगढ़ में भी शक्ति-उपासना का स्वरूप अपनी आंचलिक संस्कृति में गहराई से रचा-बसा है। यहाँ जोत-जवारा, जसगीत और माता सेवा के माध्यम से सामूहिक आराधना के विविध रूप प्रकट होते हैं। स्वरूप चाहे जो भी हो, इन समस्त परम्पराओं के केंद्र में माँ शक्ति के प्रति अगाध श्रद्धा ही है। छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचलों में आज भी कई अनूठी परम्पराएँ जीवित हैं, जिनमें रायपुर जिले के ग्राम सोनपैरी और गरियाबंद जिले के ग्राम लचकेरा की नवरात्रि परम्पराएँ लोक-आस्था के विशिष्ट उदाहरण के रूप में देखी जा सकती हैं।

ग्राम देवी सोनपैरी दाई
रायपुर जिले की अभनपुर तहसील में स्थित ग्राम सोनपैरी में माँ सोनपैरी दाई की पूजा ग्रामदेवी के रूप में की जाती है। छत्तीसगढ़ी में ‘दाई’ शब्द का प्रयोग माता या देवी के अर्थ में होता है। स्थानीय ग्रामीणों और आसपास के क्षेत्रों में सोनपैरी दाई के प्रति गहरी आस्था है। लोग अपनी मनोकामनाएँ लेकर तथा सुख समृद्धि की कामना से यहाँ दर्शन करने आते हैं। सोनपैरी दाई का मन्दिर बस्ती से बाहर खेतों के बीच स्थित है। ग्राम के बुजुर्गों और पूर्वजों से चली आ रही एक लोककथा इस देवी स्थल की स्थापना से जुड़ी है।

सोनपैरी दाई का मन्दिर
सोनपैरी दाई का मन्दिर

कहा जाता है कि आज जहाँ मन्दिर है, वहाँ कभी गाँव के दाऊ मालगुजार का ब्यारा हुआ करता था। यहाँ गाँव भर का धान एकत्र कर रखा जाता और बाद में धान की कुटाई मिंजाई होती थी। कार्य पूरा होने के बाद धरती माता को धन्यवाद देने के लिए पूजा पाठ किया जाता और चूड़ी तथा श्रृंगार की सामग्री अर्पित की जाती थी। उसी स्थान पर साँप का एक बड़ा बिल और भूड़ू या भिंभोरा भी था।

उस समय गाँव के छोर पर बंजारों का एक समूह भी रहता था, जो आजीविका के लिए सोनपैरी आया हुआ था। लोककथा के अनुसार एक दिन इस समूह की एक महिला अपनी छोटी बेटी के साथ तालाब से पानी भरने जा रही थी। यह तालाब दाऊ के ब्यारे के सामने ही था, जिसे आज ग्रामवासी ‘बड़े तरिया’ के नाम से जानते हैं। बच्ची ने गहने पहन रखे थे। खेत में काम कर रहे कुछ मजदूरों की नजर उन गहनों पर पड़ी। लोककथा के अनुसार उन्होंने बच्ची को एक चरिहा, अर्थात धान रखने वाली टोकनी, से ढककर छिपा दिया।

माँ अपनी बेटी को खोजते हुए वहाँ पहुँची और मजदूरों से पूछा कि क्या उन्होंने उसकी बच्ची को देखा है। मजदूरों ने इनकार कर दिया। कथा के अनुसार मजदूरों ने भय के कारण प्रार्थना की कि बच्ची कारी बराई, अर्थात काली बकरी, में बदल जाए। जब माँ वहाँ से चली गई और मजदूरों ने चरिहा उठाया, तो बच्ची काली बकरी के रूप में दिखाई दी। स्थानीय मान्यता में इसे माँ शक्ति की कृपा से जुड़ी घटना माना जाता है। ग्रामवासी मानते हैं कि देवी ने बच्ची की रक्षा की और इसी घटना से उस स्थान पर देवी शक्ति के निवास की मान्यता प्रबल हुई। सोनपैरी दाई से जुड़ी एक अन्य लोककथा धान की फसल से सम्बन्धित है। कहा जाता है कि फसल कटने के बाद जब धान को एक स्थान पर एकत्र किया जा रहा था, जिसे छत्तीसगढ़ी में ‘रास’ कहा जाता है, तब धान लगातार बढ़ता गया।

सोनपैरी दाई की प्रतिमा
सोनपैरी दाई की प्रतिमा

किसान जितना धान एकत्र करते, उतना ही धान फिर दिखाई देता। धीरे धीरे ब्यारा, बाड़ी, घर और कोठी धान से भर गए। अन्ततः दाऊ ने कलारी से धान के रास पर प्रहार किया और वह तीन भागों में बँट गया। ग्राम में आज भी तीन स्थानों पर भिंभोरा होने की बात कही जाती है। एक अन्य मान्यता के अनुसार उस समय गाँव में राजा और दरोगा रहा करते थे। राजा को सोनपैरी दाई ने स्वप्न में दर्शन देकर बताया कि वे खेतों के बीच स्थित हैं। राजा ने उस स्थान पर जाकर देखा तो वहाँ ईंट के आकार का एक स्वयंभू पत्थर प्रतीक मिला।

वहाँ साँप का बड़ा बिल और भूड़ू भी था। राजा ने उस प्रतीक को स्थापित किया। स्थानीय मान्यता है कि माँ सोनपैरी दाई सुनहरे सर्प के रूप में निवास करती हैं। राजा को दो अन्य प्रतिमाएँ भी मिलीं, जिन्हें उसी स्थान पर स्थापित किया गया। गाँव का नाम सोनपैरी होने के कारण देवी को सोनपैरी दाई कहा जाने लगा। आज उसी स्थान पर सोनपैरी दाई का मन्दिर बना हुआ है। ग्रामवासियों और भक्तों के सहयोग से यहाँ व्यवस्थित मन्दिर का निर्माण हुआ है। मन्दिर बनने से पहले यह क्षेत्र सुनसान और खेतों से घिरा हुआ था, इसलिए महिलाएँ सामान्यतः वहाँ नहीं जाती थीं। अब सभी श्रद्धालु यहाँ दर्शन कर सकते हैं।

मन्दिर में तीन स्वयंभू पत्थर प्रतीक और सोनपैरी दाई की प्रतिमा स्थापित हैं। साँप के भिंभोरा को माता का मूल निवास माना जाता है। ग्रामवासियों के अनुसार मन्दिर के आसपास कई बार सुनहरे सर्प के दर्शन भी हुए हैं, जिसे वे सोनपैरी दाई का रूप मानते हैं। भिंभोरा के पास अकोल का वृक्ष और एक बहुत पुराना विशाल इमली का वृक्ष भी है, जिसकी शाखाएँ पूरे मन्दिर परिसर में फैली हुई हैं।

ज्योति कक्ष 
ज्योति कक्ष 

नवरात्रि के समय यहाँ लगभग 200 से 250 ज्योति कलश प्रज्वलित किए जाते हैं। आसपास के क्षेत्रों में भी सोनपैरी दाई के प्रति गहरी श्रद्धा है। मन्नत पूरी होने पर कुछ श्रद्धालु माता को कारी बराई की बलि अर्पित करते हैं। खल्लारी के दिन, जिसे स्थानीय रूप से हनुमान जयंती से भी जोड़ा जाता है, यह परम्परा निभाई जाती है। छत्तीसगढ़ के कुछ अन्य देवी स्थलों पर भी ऐसे स्थानीय अनुष्ठानों का उल्लेख मिलता है।

गाँव के बैगा प्रतिदिन सोनपैरी दाई की पूजा, आरती और सेवा करते हैं। नवरात्रि के दौरान ग्राम का वातावरण भक्तिमय हो जाता है। ग्रामवासी जसगीत, भजन और भण्डारे का आयोजन करते हैं। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार स्वास्थ्य, खेत की उपज, जल की समस्या या सन्तान की कामना जैसे प्रसंगों में लोग माता से प्रार्थना करते हैं। ग्रामवासी सोनपैरी दाई को पूरे गाँव की रक्षक देवी मानते हैं। सोनपैरी में सन्त असंग देव जी से जुड़ा कबीर आश्रम भी स्थित है। यहाँ समय समय पर कबीर जयन्ती, योग कार्यक्रम और आध्यात्मिक सम्मेलन आयोजित किए जाते हैं, जिनमें विभिन्न स्थानों से श्रद्धालु आते हैं।

ग्राम लचकेरा में नवरात्रि की परम्परा
गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर ब्लॉक में स्थित ग्राम लचकेरा नवरात्रि की अपनी विशिष्ट परम्पराओं के लिए जाना जाता है। यहाँ माँ दुर्गा का आगमन और विसर्जन वर्षों से चली आ रही स्थानीय रीति के अनुसार होता है। नौ दिनों तक जसगीत, भजन, जोत जवारा और भण्डारे के माध्यम से माता की सेवा की जाती है। विसर्जन के समय पूरा गाँव एकत्र होकर माता को विदा करता है। यहाँ आज भी माता की प्रतिमा को बैलगाड़ी पर बैठाकर गाँव में भ्रमण कराया जाता है। विशेष बात यह है कि बैलगाड़ी को बैलों के स्थान पर ग्रामवासी स्वयं खींचते हैं। इसके बाद प्रतिमा का तालाब में विसर्जन किया जाता है। नवरात्रि के दिनों में ग्राम का वातावरण पूर्णतः धार्मिक हो जाता है। कई लोग अपने दैनिक कार्यों से समय निकालकर माता की सेवा और सामूहिक पूजा में भाग लेते हैं।

जस गीत में झुपते हुए लोग 
जस गीत में झुपते हुए लोग 

मौली माता और दुर्गा नवमी की परम्परा
ग्रामवासी अपनी ग्रामदेवी के रूप में मौली माता की पूजा करते हैं। फिंगेश्वर क्षेत्र में मौली माता की विशेष मान्यता है। स्थानीय विश्वास के अनुसार वे गाँव की रक्षा करती हैं और कुछ परिवार उन्हें कुलदेवी के रूप में भी पूजते हैं। मौली माता का स्थान मिट्टी से बने कच्चे मन्दिर में है, जिस पर छानही या छप्पर रहता है। स्थानीय मान्यता है कि माता को इसी स्वरूप में निवास करना प्रिय है और वे पक्के भवन में नहीं रहना चाहतीं। कहा जाता है कि मौली माता को फिंगेश्वर स्थित मौली माता मन्दिर से वहाँ के राजा द्वारा लाया गया था। नवरात्रि के नौ दिनों तक ग्रामवासी श्रद्धा के साथ माता की सेवा करते हैं। वर्ष भर भी मौली माता की सेवा के लिए पंडा नियुक्त रहते हैं।

मौली माता मंदिर फिंगेश्वर
मौली माता मंदिर फिंगेश्वर

मौली माता के परिसर और गर्भगृह में केवल पुरुषों के प्रवेश की परम्परा है। महिलाएँ बाहर से माता के दर्शन करती हैं और द्वार पर माथा टेकती हैं। जसगीत के समय कुछ भक्तों पर देवी आने की स्थानीय मान्यता भी है। ऐसे भक्त झूमने लगते हैं और बाद में उन्हें स्थानीय धार्मिक विधियों के माध्यम से शान्त कराया जाता है।

दुर्गा नवमी का विशेष अनुष्ठान
दुर्गा नवमी के दिन जवारा विसर्जन से पहले मौली माता परिसर में विशेष पूजा की जाती है। जिन श्रद्धालुओं की मनोकामना पूर्ण हुई होती है, वे स्थानीय परम्परा के अनुसार खैरा रंग, अर्थात लाल भूरा, बकरा अर्पित करते हैं। पूजन से पहले सभी बकरों को एकत्र किया जाता है और माता के सामने उनकी पूजा की जाती है। इसके बाद उन्हें चावल खिलाया जाता है। यदि कोई बकरा चावल नहीं खाता, तो इसे माता द्वारा उस बलि को स्वीकार न करने का संकेत माना जाता है और उसे छोड़ दिया जाता है।

जवारा विसर्जन
जवारा विसर्जन

स्वीकृत बलि के बाद बकरे का सिर माता को अर्पित किया जाता है और शेष भाग प्रसाद के रूप में उस परिवार को दिया जाता है, जिसने मन्नत पूरी होने पर बलि अर्पित की होती है। बाद में इसे पकाकर ग्रामवासी सामूहिक रूप से ग्रहण करते हैं। जवारा विसर्जन के दिन पूरा गाँव एकत्र होता है। जवारों को लेकर गाँव का भ्रमण किया जाता है और इसके बाद उनका विसर्जन होता है। कुछ परिवार इसी दिन ‘नवा खाई’ की परम्परा भी निभाते हैं। अगले दिन माँ दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन पूरे ग्राम की सहभागिता से किया जाता है। मौली माता के यहाँ नवरात्रि में लगभग 300 ज्योति कलश प्रज्वलित किए जाते हैं।

लोकआस्था और सामूहिकता की नवरात्रि
सोनपैरी और लचकेरा की नवरात्रि परम्पराएँ यह बताती हैं कि छत्तीसगढ़ में शक्ति उपासना केवल मन्दिरों तक सीमित नहीं है। वह गाँव की स्मृतियों, लोककथाओं, कृषि, ग्रामदेवियों, सामूहिक अनुष्ठानों और पारिवारिक विश्वासों से गहराई से जुड़ी हुई है। सोनपैरी दाई से जुड़ी लोककथाएँ हों या लचकेरा की मौली माता की पूजा, इन दोनों स्थानों पर देवी की उपासना ग्राम जीवन का महत्त्वपूर्ण हिस्सा है। ज्योति कलश, जवारा, जसगीत, ग्राम भ्रमण, सामूहिक विसर्जन और स्थानीय पूजा विधियाँ इन परम्पराओं को विशिष्ट बनाती हैं। इनके माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ ग्राम की सामूहिकता और सांस्कृतिक स्मृति भी पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ती है।

लेख-
योगिता साहू 
रायपुर छत्तीसगढ़ 

Follow us on social media and share!