गोवर्धन पूजा और अन्नकूट: प्रकृति, पशुधन और लोकजीवन के प्रति कृतज्ञता का पर्व
November 10, 2026
संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिक शुक्ल द्वितीया | मंगलवार
नक्षत्र: अनुराधा | योग: शोभन | करण: बालव
पर्व विशेष : | तदनुसार 10 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ प्राचीन काल से ही शैव तथा शाक्त उपासना पद्धति का साक्षी रहा है। प्राप्त परंपरा तथा ज्ञात ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक साक्ष्यों के आधार पर भी यह कहा जा सकता है कि यहाँ की परंपराओं एवं लोक संस्कृति में शाक्त उपासना का गहरा प्रभाव है। शाक्त उपासना का ही यह सुंदर प्रतिफल है कि यहाँ की मातृशक्ति पुरुषों के कंधे से कंधा मिलाकर समृद्धि का मार्ग प्रशस्त कर रही है। सूक्ष्मावलोकन से यह स्पष्ट होता है कि उत्तर भारत की अपेक्षा पूर्वोत्तर की शाक्त परंपरा एवं मातृप्रधान संस्कृति ने छत्तीसगढ़ को सर्वाधिक प्रभावित किया है। निकटस्थ ओडिशा के अतिरिक्त बंगाल, असम, मणिपुर, त्रिपुरा की संस्कृति में निहित मातृसत्ता के बीज यहाँ भी दृष्टिगोचर होते हैं। संस्कृति की यात्रा लोकधर्मी तत्वों से आरंभ होकर अध्यात्म पर समाप्त होती है। जिस समाज में मातृशक्ति को समुचित आदर एवं महत्व प्राप्त हो, उसकी आराध्या भी मातृदेवता ही होती हैं।
भारतीय समाज में उपासना की मुख्य रूप से दो पद्धतियाँ प्राप्त होती हैं - १. वेदोक्त, २. लोकाचार। छत्तीसगढ़ में प्रचलित आराधना पद्धति में इन दोनों ही धाराओं का अद्भुत समन्वय देखने को मिलता है। काल की दृष्टि से की जाने वाली अर्चना मुख्यतः तीन प्रकार की होती है - १. नित्य, २. नैमित्तिक, ३. पार्वण।
सनातन भारतीय संस्कृति में पञ्चदेवों की उपासना का विधान है। इन पञ्चदेवों में देवी भी अनन्य भाव से परिगणित होती हैं। छत्तीसगढ़ में रामानुजगंज से कोंटा पर्यंत अनेक प्राचीन, अर्वाचीन, सिद्ध एवं प्रामाणिक देवी मंदिर विद्यमान हैं, जहाँ नित्य भगवती की उपासना की जाती है। सनातन धर्म प्रत्येक गृहस्थ को पञ्चदेवों की उपासना करने का आदेश देता है। इस क्रम में यहाँ प्रचलित देवी-पूजन एवं मंदिरों की स्थापना इस मान्यता को अपनी सहज स्वीकृति प्रदान करती है।
छत्तीसगढ़ के इतिहास में कलचुरी राजाओं का काल मंदिर निर्माण के लिए स्वर्ण काल माना जाता है। इस राजवंश की कुलदेवी गजलक्ष्मी महामाया थीं। कलचुरी शासक रत्नदेव प्रथम ने १०५० ईस्वी में अपनी राजधानी रतनपुर में प्रसिद्ध महामाया मंदिर का निर्माण कराया। रायपुर शाखा के कलचुरी राजा मोरध्वज तथा ब्रह्मदेव ने १४वीं-१५वीं शताब्दी के दौरान रायपुर में महामाया मंदिर की स्थापना की। कलचुरी राजा बाहरेन्द्र साय (बाहर साय) ने १६वीं शताब्दी की शुरुआत में कोसगाई पहाड़ी (कोरबा) में कोसगाई देवी मंदिर की स्थापना की थी। माँ महामाया न केवल लोक-परंपराओं में समादृत हैं, बल्कि पुराणों में भी उनका उल्लेख लोकमाता के रूप में किया गया है -
महामाया महाकाली महालक्ष्मी सरस्वती ।
चतुर्धा भिद्यते देवी सृष्ट्यर्थं परमात्मनः ॥
(देवीभागवत, प्रथम स्कंध)
महामाया हरेरेषा तया सम्मोह्यते जगत् ।
ज्ञानिनामपि चेतांसि देवी भगवती हि सा ॥
(मार्कण्डेय पुराण १.५५)
सा विद्या परमा मुक्तेर्हेतुभूता सनातनी ।
संसारबन्धहेतुश्च सैव सर्वेश्वरेश्वरी ॥
(मार्कण्डेय पुराण १.५६)
छत्तीसगढ़ के प्रायः अधिकांश गाँवों में महामाया ग्राम-देवी के रूप में विराजित होकर भक्तों का मनोरथ पूर्ण कर रही हैं। इसी प्रकार पुराणों में वर्णित माँ शीतला प्रत्येक गाँव में स्थापित हैं। शीतला माता का स्थान गाँव के बाहर तालाब के किनारे नीम वृक्ष के नीचे होता है। इन्हें महामारी तथा अन्य प्राकृतिक आपदाओं से बचाने वाली देवी माना जाता है। स्कंद पुराण में वर्णित शीतलाष्टक में माँ शीतला की स्तुति करते हुए उन्हें जगत के माता-पिता के रूप में संबोधित किया गया है -
शीतले त्वं जगन्माता शीतले त्वं जगत्पिता ।
शीतले त्वं जगद्धात्री शीतलायै नमो नमः ॥
प्रत्येक वर्ष आषाढ़ मास में खरीफ की खेती शुरू होने से पहले गाँव में 'शीतला जुड़वास' का त्योहार मनाया जाता है। ऐसी मान्यता है कि वर्षा ऋतु आरंभ होने से पहले माँ शीतला की पूजा करके गाँव की सीमा का बंधन किया जाता है, ताकि गाँव में बीमारी, मवेशियों में रोग और बाहरी बाधाएँ न आएँ। इस प्रक्रिया में बैगा पलाश के दोने में हल्दी-तेल चढ़ाता है। बैलगाड़ी में माता को बिठाकर पूरे गाँव का भ्रमण कराते हैं, फिर नीम की डाली से तेल-हल्दी का छिड़काव सब पर किया जाता है। 'जुड़' का अर्थ शांति अथवा ठंडक से है। इस पूजन के द्वारा माँ शीतला से शांति हेतु प्रार्थना की जाती है।
अन्य प्राचीन देवी मंदिरों में दंतेवाड़ा में १३२४ ईस्वी में काकतीय राजवंश के राजा अन्नमदेव के द्वारा शंखिनी-डंकिनी नदी के संगम पर स्थापित माँ दंतेश्वरी का मंदिर भारत के प्रमुख शक्तिपीठों में से एक माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि यहाँ माता सती के दाँत गिरे थे। माँ दंतेश्वरी संपूर्ण बस्तर की आराध्या देवी हैं। डोंगरगढ़ (राजनांदगाँव) की पहाड़ी पर स्थित माँ बम्लेश्वरी का मंदिर अत्यंत प्राचीन माना जाता है। इतिहास तथा लोकमान्यताओं के अनुसार लगभग २००० वर्ष पहले प्राचीन कामावती नगरी के राजा वीरसेन (वीर सिंह) ने इस मंदिर की नींव रखी थी।
कोरबा जिले के चैतुरगढ़ (लाफागढ़) किले में कलचुरी वंश के राजा पृथ्वीदेव प्रथम ने माँ महिषासुरमर्दिनी मंदिर का निर्माण कराया। मंदिर के गर्भ-गृह में माँ महिषासुरमर्दिनी की प्राचीन प्रतिमा स्थापित है, जिसकी १२ भुजाएँ हैं। इस श्रृंखला में चंद्रहासिनी (चंद्रपुर), महामाया/महामाई (अंबिकापुर), बूढ़ी माई (रायगढ़), मड़वारानी (कोरबा) जैसे अनेक मंदिर हैं, जहाँ नित्य माता की आराधना की जा रही है। पार्वण उपासना के अंतर्गत शारदीय एवं वासंतिक नवरात्र में प्रत्येक देवी-मंदिर में ज्योति-कलश की स्थापना होती है तथा फुलवारी (जँवारा) बोया जाता है। पूरे नौ दिन जस-गीत, हूम आदि के द्वारा माता की सेवा की जाती है। मंदिरों में वेद-रीति एवं लोक-रीति का अद्भुत समन्वय देखने को मिलता है।
नैमित्तिक उपासना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में जँवारा बोने की एक अतिविशिष्ट एवं अनूठी परंपरा है। संपूर्ण भारत में देवी-उपासना के अंतर्गत अखंड ज्योति-कलश स्थापित करके, उसे शक्ति का स्वरूप मानकर उसकी सन्निधि में पूजन, जप तथा पाठादि किए जाते हैं, किंतु छत्तीसगढ़ में ज्योति-कलश के अतिरिक्त जँवारा बोए जाने की परंपरा है। जनजातीय समाज के प्रकृति-पूजन की अवधारणा को समाहित करते हुए नवरात्र के प्रथम दिन घट स्थापना करके उसके चारों ओर मिट्टी की एक परत बिछाकर उसमें गेहूँ के दाने बोए जाते हैं। इसे 'बिरही फिंजोना' कहते हैं। यह श्रौत-यज्ञ के व्रीहि (यवान्न अथवा जौ) का अपभ्रंश रूप माना जा सकता है। नौ दिन तक अहर्निश ज्योति एवं जँवारा की रक्षा तथा सेवा के लिए नियुक्त सेवक को 'पण्डा' कहा जाता है। यह पुजारी की भूमिका का निर्वहन करता है। इसके अतिरिक्त तंत्र-मंत्र में निपुण मांत्रिक, जिसे 'बैगा' कहा जाता है, वह भी मंत्र-प्रयोग के द्वारा दुष्ट शक्तियों से यज्ञ की रक्षा करता है।
ज्योति तथा जँवारा का समन्वित रूप शक्ति एवं पोषण का सुंदर चित्र उपस्थित करता है। ज्योति का निरंतर प्रज्वलित होते रहना तथा जँवारा की हरियाली का बढ़ना माता का अनुग्रह माना जाता है। सुबह-शाम पूजन के उपरांत रात्रि में सेऊक दल के द्वारा माता की स्तुति में भजन गाए जाते हैं, जिन्हें जस-गीत अथवा सेवा-गीत कहा जाता है। यह क्रम पूरे नौ दिन तक चलता है।
अभीष्ट मनोरथ की प्राप्ति हेतु अथवा प्राप्ति के उपरांत भक्त इस अनुष्ठान का आयोजन अपने घर या देवी मंदिर में करता है। छत्तीसगढ़ में देवी के मंदिर को 'माता देवालय' (माता देवाला) कहा जाता है। इसका आयोजन प्रायः नवरात्र में किया जाता है, किंतु अपनी सुविधा और परिस्थिति के अनुसार समय निर्धारित किया जा सकता है। इस उपासना पद्धति की एक विशेषता यह भी है कि इसमें विशेष कर्मकांड की आवश्यकता नहीं होती है। बिना पंडित/पुरोहित के भी पंडा अथवा बैगा तथा अनुभवी वृद्धजनों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पूजा-विधि पूर्ण की जा सकती है।
सेऊक-दल के द्वारा जस-गीत गायन करने के समय कुछ भक्त भाव-विह्वल होकर झूमते हुए नृत्य करने लगते हैं। इस अवस्था को 'देवता आना' अथवा 'देवता चढ़ना' कहा जाता है। इसका मनोवैज्ञानिक पहलू यह है कि भक्त का माता के प्रति प्रेम जब पराकाष्ठा पर पहुँच जाता है, तो वह आनंदित होकर बाह्य जगत से विच्छिन्न होकर आत्मानंद में डूब जाता है, अर्थात् भाव-समाधि की स्थिति में पहुँच जाता है। उसे पुनः बाह्य जगत में स्थापित करने के लिए नारियल, हूम, धूप भेंट करके उसके आत्मिक भावावेग के ज्वार को शांत किया जाता है।
अंतिम दिवस में समस्त भक्तजन पंक्तिबद्ध तथा अनुशासित होकर सेवा-गीत गाते हुए तथा नृत्य करते हुए ज्योति-जँवारा का विसर्जन गाँव की नदी अथवा तालाब में करते हैं। इसे 'जँवारा ठंडा करना' कहते हैं। नौ दिन के इस भावपूर्ण अनुष्ठान से पूरे गाँव का परिवेश धार्मिक तथा आनंदपूर्ण हो जाता है। इसके अतिरिक्त शारदीय नवरात्र में गाँव-गाँव, नगर-नगर में देवी की प्रतिमा स्थापित करके नौ दिन विधिवत् पूर्वोक्त रीति से पूजा की जाती है। विशाल मंडप, मनोरम झाँकी तथा विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन इस पर्व को और भी अधिक मनोरम, आकर्षक तथा समृद्ध बना देता है।
उपर्युक्त विवेचन से तो यह स्पष्ट हो ही जाता है कि पर्व विशेष पर भी देवी की उपासना छत्तीसगढ़ में व्यापक रूप से की जाती है। यहाँ के वनांचल एवं मैदानी दोनों ही भागों में शिव और शक्ति की उपासना प्राचीन काल से होती आई है।
बस्तर के केशकाल क्षेत्र में भंगाराम देवी की पूजा न्याय की देवी के रूप में की जाती है। जनजातीय संस्कृति में यह मान्यता है कि यह देवी अन्य स्थानीय देवी-देवताओं की भूलों और जनता की शिकायतों पर न्याय सुनाती हैं। गोंड जनजातीय समाज में त्योहारों और विशेष सांस्कृतिक उत्सवों के दौरान 'ईशर-गौरा' और 'गौरी रानी' के विवाह की अनूठी रस्म बड़ी ही धूमधाम से मनाई जाती है। छत्तीसगढ़ का सर्व समाज गौरा-गौरी की आराधना हर्षोल्लासपूर्वक करता है। इस समुदाय के लोग घने जंगलों में मौसमी बीमारियों और मलेरिया जैसी महामारियों से गाँव को सुरक्षित रखने के लिए विशेष रूप से हुलकी माई की उपासना करते हैं। प्रत्येक गाँव की सुरक्षा के लिए ग्राम-देवी के रूप में सतबहिनिया दाई, बंजारी माता, सेंदरी माता, बूढ़ी दाई, महामाई, शीतला, बोड़रा माता आदि की उपासना समय-समय पर की जाती है।
विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा के दौरान 'मावली परघाव' (मावली जौहार) की अनूठी रस्म निभाई जाती है। इसमें दंतेवाड़ा से माँ मावली की डोली को राजधानी जगदलपुर स्थित माँ दंतेश्वरी से भेंट करने के लिए उत्सवपूर्वक लाया जाता है। इसकी भव्यता तथा भाव-प्रवणता देखते ही बनती है। वनांचल के प्रत्येक गाँव-टोले में देवी का एक निश्चित स्थान होता है, जिसे 'देवगुड़ी' कहते हैं। पाषाण, काष्ठ तथा ध्वज के रूप में देवियों की पूजा पारंपरिक सामग्रियों के द्वारा की जाती है। प्रत्येक सुख-दुख तथा मांगलिक अवसरों पर इन ग्राम-देवियों का स्मरण तथा पूजन किया जाता है।
पौराणिक काल से लेकर आधुनिक काल तक छत्तीसगढ़ की अजस्र संस्कृति ने अनेक करवटें ली हैं, फिर भी यहाँ के समाज में मातृशक्ति की स्वीकार्यता बराबर बनी हुई है। यहाँ नारियाँ केवल देवी के रूप में ही नहीं पूजी जाती हैं, बल्कि परिवार एवं समाज में भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं का निर्वहन करती हैं। अतः स्पष्ट है कि छत्तीसगढ़ में शाक्त मत की उपस्थिति प्राचीन काल से है तथा इसकी स्वस्थ परंपरा नए-नए स्वरूपों को प्राप्त करती हुई अध्यात्म के उन्नत शिखर का स्पर्श कर रही है। यहाँ प्रचलित पूजा-पद्धतियों तथा रीति-रिवाजों पर शोध-कार्य किए जाने की गुंजाइश आज भी महसूस की जाती है, ताकि नवीन पीढ़ियाँ इस अक्षय-निधि को यथेष्ट रूप से प्राप्त करके इसके संरक्षण एवं संवर्धन हेतु आगे आ सकें।
लेख:
डॉ. नीलेश कुमार तिवारी
छत्तीसगढ़ में शाक्त परंपरा: वैदिक और लोक-आस्था का संगम
October 17, 2026