आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिक शुक्ल द्वितीया | मंगलवार

नक्षत्र: अनुराधा | योग: शोभन | करण: बालव

पर्व विशेष : | तदनुसार 10 नवंबर 2026

आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिक शुक्ल द्वितीया | मंगलवार

नक्षत्र: अनुराधा | योग: शोभन | करण: बालव

पर्व विशेष : | तदनुसार 10 नवंबर 2026

सप्तमातृका: छत्तीसगढ़ और बस्तर की शक्ति परम्परा

सप्तमातृका: छत्तीसगढ़ और बस्तर की शक्ति परम्परा


बस्तर की अनेक यात्राओं के दौरान सप्तमातृका मण्डल के दर्शन हुए हैं। ऐसे अवसरों पर मन में छत्तीसगढ़ का यह लोकगीत सहज ही गूँज उठता है:

झुपत झुपत आबे
दाई झुपत झुपत आबे वो
सातों बहिनियां ला संग मा तैं लाबे वो
सातों बहिनियां ला~ संग मा तैं लाबे वो

छत्तीसगढ़ में नवरात्रि के समय यह गीत अनेक स्थानों पर सुनाई देता है। प्रश्न स्वाभाविक है कि वे सात बहनें कौन हैं, जिन्हें माँ शक्ति के साथ आने के लिए आमन्त्रित किया जा रहा है?ये सप्तमातृकाएँ हैं, अर्थात सात माताएँ। छत्तीसगढ़ी लोकगीतों में इन्हें सात बहनियों के रूप में स्मरण किया जाता है। दुर्गासप्तशती में मातृकाओं का उल्लेख मिलता है। वर्णन के अनुसार इन देवियों को विभिन्न देवताओं से शक्ति प्राप्त होती है, जिससे वे देवी के साथ असुरों के संहार में सहभागी होती हैं।

सप्तमातृका मण्डल के साथ प्रायः वीरभद्र और भगवान गणेश की उपस्थिति भी दिखाई देती है। कई प्रतिमाओं में एक ओर वीरभद्र और दूसरी ओर गणेश अंकित होते हैं। देवीमहात्म्य में रक्तबीज से युद्ध का प्रसंग आता है। रक्तबीज को ऐसा वरदान प्राप्त था कि उसके रक्त की प्रत्येक बूँद पृथ्वी पर गिरते ही उसी के समान एक और शक्तिशाली असुर उत्पन्न हो जाता था। देवी जब उससे युद्ध कर रही थीं, तब उसके रक्त से अनेक रक्तबीज उत्पन्न होने लगे।

सप्तमातृका
सप्तमातृका

इसी प्रसंग में ब्रह्मा, विष्णु, कार्तिकेय, इन्द्र, शिव और अन्य देवताओं की शक्तियाँ देवी की सहायता के लिए प्रकट होती हैं। ये मातृकाएँ अपने अपने देवस्वरूपों के आयुध और वाहनों से सम्बद्ध दिखाई देती हैं। इस प्रकार सप्तमातृकाएँ देवी की सामूहिक शक्ति के रूप में रक्तबीज के संहार में सहभागी होती हैं। सप्तमातृकाओं की स्तुति में यह श्लोक मिलता है:

ब्रह्माणी कमलेन्दुसौम्यवदना
माहेश्वरी लीलया कौमारी
रिपुदर्पनाशनकरी चक्रायुधा वैष्णवी।
वाराही घनघोरघर्घरमुखी चैन्द्री च वज्रायुधा चामुण्डा
गणनाथरुद्रसहिता रक्षन्तु नो मातरः

1. ब्राह्मणी
ब्राह्मणी, ब्रह्मा की शक्ति मानी जाती हैं। उनका वर्ण पीत बताया गया है और उनका वाहन हंस है। कहीं उन्हें तीन मुखों के साथ भी दर्शाया जाता है। यदि पृष्ठभाग में एक अतिरिक्त मुख की कल्पना की जाए, तो उनका स्वरूप चतुर्मुख ब्रह्मा से सम्बन्धित दिखाई देता है। वे अपने हाथों में अक्षमाला और जल से भरा कलश धारण करती हैं। जिन प्रतिमाओं में उन्हें चार भुजाओं के साथ दर्शाया गया है, वहाँ अन्य दो हाथ अभय और वरद मुद्रा में दिखाई देते हैं।

2. वैष्णवी
वैष्णवी भगवान विष्णु की शक्ति हैं। उनका वर्ण श्याम बताया गया है। उनके ऊर्ध्व हाथों में चक्र और गदा रहते हैं, जबकि अन्य दो हाथ अभय और वरद मुद्रा में होते हैं। कुछ प्रतिमाओं में उनके हाथों में शंख, शारंग और तलवार भी दिखाई देती है। वनमाला उनके स्वरूप की प्रमुख विशेषताओं में है। उन्हें गरुड़ पर आरूढ़ भी दर्शाया जाता है।

3. माहेश्वरी
माहेश्वरी भगवान शिव की शक्ति मानी जाती हैं। उनके मस्तक पर जटामुकुट, माथे पर चन्द्र और हाथों में त्रिशूल दिखाया जाता है। हाथों में सर्पाकार कंगन भी उनके स्वरूप का हिस्सा हैं। उनका वाहन वृषभ है। इस कारण उनके स्वरूप में शिव से जुड़े अनेक प्रतीक स्पष्ट दिखाई देते हैं।

4. इन्द्राणी
इन्द्राणी, इन्द्र की शक्ति हैं। उनका वाहन गज है। उनके हाथ में वज्र प्रमुख आयुध के रूप में दिखाई देता है। कुछ प्रतिमाओं में दूसरे हाथ में अंकुश भी दर्शाया गया है। जिन स्वरूपों में उन्हें चार भुजाओं के साथ दिखाया गया है, वहाँ दो हाथ अभय और वरद मुद्रा में होते हैं।

5. कौमारी
कौमारी, शिवपुत्र कुमार कार्तिकेय की शक्ति हैं। उनका वाहन मयूर है। विभिन्न शिल्प परम्पराओं में उनका स्वरूप भिन्न भिन्न रूपों में मिलता है। कुछ प्रतिमाओं में उन्हें एकमुखी और कुछ में छह मुखों के साथ दर्शाया गया है। इसी प्रकार कहीं वे द्विभुज हैं, तो कहीं चतुर्भुज।

6. वाराही
वाराही, भगवान वराह की शक्ति मानी जाती हैं। उनका मुख वराह के समान होता है, जो उन्हें सप्तमातृकाओं में विशेष रूप से पहचानने योग्य बनाता है। उनका वर्ण श्याम बताया गया है और वे अपने मस्तक पर करण्ड मुकुट धारण करती हैं। उनका वराह स्वरूप उन्हें मातृका मण्डल में विशिष्ट स्थान देता है।

7. चामुण्डा
कुछ सप्तमातृका पट्टिकाओं में नारसिंही के स्थान पर चामुण्डा का अंकन मिलता है। उनका स्वरूप रौद्र है। कंकाल सदृश देह, धँसे हुए नेत्र, भीतर की ओर गया उदर, ग्रीवा पर नरमुण्ड माला और हाथ में नरमुण्ड पात्र उनके स्वरूप की प्रमुख विशेषताएँ हैं। बाघचर्म धारण किए उनका रूप उग्र शक्ति का प्रतीक है। सप्तमातृका परम्परा केवल शिल्प और मूर्तिकला का विषय नहीं है। छत्तीसगढ़ और बस्तर के लोकजीवन में सात बहनों का स्मरण आज भी लोकगीतों, नवरात्रि की उपासना और देवी परम्पराओं में दिखाई देता है।

बस्तर के अनेक स्थलों पर सप्तमातृका मण्डल के दर्शन इस बात की ओर संकेत करते हैं कि शास्त्रीय देवी परम्परा और स्थानीय लोकआस्था के बीच गहरा सम्बन्ध रहा है। लोकगीतों में “सातों बहिनियां” का स्मरण इसी सांस्कृतिक निरन्तरता को जीवित रखता है। यदि आपने भी किसी मन्दिर, पुरातात्विक स्थल या जनजातीय क्षेत्र में सप्तमातृका मण्डल के दर्शन किए हों, तो उनके बारे में साझा करना इस परम्परा को समझने में उपयोगी होगा। माँ दुर्गा सभी की रक्षा करें और मनोकामनाएँ पूर्ण करें।

लेख-
श्रीमती रचना नायडू
भिलाई छत्तीसगढ़  

Follow us on social media and share!