डोल ग्यारस का पर्व : ठाकुर जी की पालकी यात्रा
September 22, 2026
संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिक शुक्ल द्वितीया | मंगलवार
नक्षत्र: अनुराधा | योग: शोभन | करण: बालव
पर्व विशेष : | तदनुसार 10 नवंबर 2026

कोटा का दशहरा वर्तमान में केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि हाड़ौती की ऐतिहासिक स्मृति, राजकीय परंपरा, लोकसंस्कृति, व्यापार और पर्यटन का विशाल उत्सव बन चुका है। इसकी विशिष्ट पहचान का आधार इसकी लंबी ऐतिहासिक परंपरा है। कोटा के महाराव दुर्जनशाल हाड़ा (सन् 1723 -1756) ने इस ऐतिहासिक पर्व का आरंभ किया। तत्कालीन समय में इस अवसर पर मंदिरों तथा धार्मिक स्थानों पर अर्चन पूजन के कार्यक्रम आयोजन आरंभ हुए। उन्हें राजसी शान-बान से जोड़ने के लिए इसमें विभिन्न सवारियों और दरीखाने के आयोजन आरंभ किए गए।
इन आयोजनों के साथ ही इस पर्व को भव्यता प्रदान करने में कोटा के महाराव उम्मेदसिंह का अत्यधिक योगदान रहा। उन्होंने न केवल कोटा राज्य की सीमा को कुशल प्रशासक के तौर पर बढ़ाया बल्कि राज्य का सभी प्रकार से विकास करने में तत्परता भी दिखाई। दशहरे के पर्व को सन् 1892 में आरंभ में तीन दिवसीय रखा गया क्योंकि उस समय यह कहावत प्रचलित थी ष्रावण जी तीसरी और कोटा बाहरे तीसरोश् अर्थात् रावण मर गया और उसका तीसरा हो गया अब गांव के लोग लौट गये और मेले की भीड़ भी समाप्त हो गई है। इस मेले के दौरान तिरपालों में ही छोटी दुकानें लगा करती थीं। बाद में यह एक सप्ताह का लगने लगा तो दुकानों की संख्या भी बढ़ती गई।

रंगबाड़ी जुलूस दशहरा 1923
महाराव उम्मेदसिंह के प्रयासों से जब 1921 में नगरपालिका स्थापित की गई और 1926 में कोटा राज्य में बिजली की व्यवस्था हुई तो महाराव ने भारत के अन्य नगरों के व्यापारियों को मेले हेतु आमंत्रित किया जिसकी सम्पूर्ण व्यवस्था नगर पालिका द्वारा की गई। आरंभ में यह दशहरा शहरपनाह के बाहर किशोरपुरा में विशाल मैदान में आयोजित होता था। सन् 1926-28 तक कोटा में नल बिजली के लगने के कारण महाराव उम्मेद सिंह ने इस मेले को भव्य रूप प्रदान करने के लिए, भारत के बड़े-बड़े नगरों के व्यापारियों को मेले में आमंत्रित करने हेतु आदेश जारी किये क्योंकि सन् 1921 में ही कोटा में नगर पालिका की स्थापना महाराव उम्मेद सिंह जी द्वारा कर दी गई थी। रावण वध का दृश्य देखने हेतु इस स्थल पर कलात्मक तिबारियां भी बनाई गईं थीं जिन्हें तोड़कर बाद में यहां रावण वध देखने की दर्शक दीर्घा भी बनाई गई थी जिसे भी बाद में तोड़ दिया गया।

विजयादशमी पर शस्त्रपूजा
अनेक सुविधाएं होने के कारण मेले में हरियाणा, पंजाब, मद्रास, भागलपुर, दिल्ली, मथुरा, कानपुर, अहमदाबाद, दक्षिण-एशियाई प्रवासी और सर्कस कंपनी भी मेले में आई। वर्ष 1930 में यह पंचमी से लगना आरंभ होता था और साथ ही यहां विशाल पशु मेला भी लगा करता था। जिसमें राजस्थान और मध्यप्रदेश के व्यापारी गाय, भैंस, सांड, भेड़-बकरी, खच्चर, मुर्ग-मुर्गिया, ऊंट, घोड़े आदि पशुओं का क्रय-विक्रय करने आते थे।

दशहरा जुलूस का चित्र
कोटा के दशहरे को और आकर्षक बनाने के लिए इसमें विभिन्न धार्मिक आयोजनों को भी सम्मिलित किया गया। कोटा राज्य बूंदी के हाड़ाओं का वंशज रहा है अतः मां आशापूर्णा का पूजन किया जाना परम्परा बना रहा। यह पूजन की परम्परा नवरात्रा स्थापना के प्रथम दिन से आरंभ होने लगी जिसमें आशापुरा देवी, डाढ़देवी माता, मनोरथ बालाजी (कोटा) कृष्ण अन्नपूर्णा (रामगढ़) कालभैरव (नान्ता) आदि के मंदिरों पर ब्राह्माणों को भेजकर पूजन व पाठ कराया जाता था। यही नहीं लोकदेवता के रूप में क्षेत्रपाल घांस भैरू का पूजन भी किया जाता था। पंचमी के दिन महाराव उम्मेदसिंह अपने पूरे लवाजमें के साथ डाढ़देवी मंदिर पर पूजन के लिए जाया करते थे और वहां भैंसा और बकरे की बलि दी जाती थी। हांलाकि बाद में यह प्रथा बंद कर दी गई।
सप्तमी के दिन महाराव उम्मेदसिंह नावड़े से नदी पार करके महायान के द्वारा नान्ता स्थित कालभैरव और अभेड़ा की करणीमाता मंदिर में पूजन करने जाते थे। यहां भी बकरे की बलि दी जाती थी। अष्टमी के दिन गढ़ में ही स्थित कुलदेवी मां आशापूर्णा का पूजन किया जाता था। सांयकाल में बृजनाथ जी का भी पूजन और फिर हवन भी किया जाता था। उसके बाद पोल दरवाजे के बाहर चबूतरे पर छोटे दरीखाने का आयोजन होता था जिसे डोडा का दरीखाना कहा जाता था। इस दरीखाने में सभी पारम्परिक परिधानों को पहन कर उपस्थित होते थे। दरीखाने में बैठने का एक निश्चित क्रम होता था जिसमें महाराव राजगद्दी पर विराजमान होते थे और उमराव, सामन्त, जागीरदार तथा राजमान्य व्यक्ति अपनी जागीर, पद एवं प्रतिष्ठा के अनुरूप पूर्वनिर्धारित आसनों पर बैठते थे। दरीखाने के बाद बुर्ज पर तोप दागी जाती थी और विभिन्न प्रकार की आतिशबाजियां भी की जाती थीं

शस्त्र पूजा
नवमी के दिन सांयकाल महाराव उम्मेदसिंह गढ़ की कुलदेवी का पूजन कर हाथ में खांडा (तलवार जैसा शस्त्र) लेकर किशोरपुरा स्थित आशापुरा देवी मंदिर में जाकर खांडा अर्पित करते थे। यहां भी दरीखाने का आयोजन किया जाता था जिसमें रावण के दहन पर विचार-विमर्श किया जाता था। उसके बाद गढ़ के बुर्ज से तोपें दागी जाती थीं। बाद में महाराव गढ़ लौटकर हथियापोल के बाहर स्थित चौक में हाथी और घोड़ों का पूजन किया करते थे। उसके बाद राजमहल के चौक में महाराव द्वारा सभी शस्त्रों का भी पूजन किया जाता था। बूंदी विजय के बाद कोटा राज्य लाई गई कड़क बिजली और धूलधाणी तोपों का पूजन पुरोहितों द्वारा किया जाता था। इसके अलावा भी रावण दहन के समय दागी जाने वाली तोपों का पूजन भी किया जाता था। फिर तीन तोपें दागी जाती थीं।
दशमी के दिन प्रातःकाल महाराव उम्मेदसिंह गढ़ में विराजित बृजनाथ जी के दर्शन कर सलहखाने स्थित कोटा के राज्य चिन्ह गरूड़ और पूर्वज महाराव भीमसिंह प्रथम का दर्शन कर वंदन करते थे। उसके बाद गढ़ के जलेब चौक में सवारी आयोजित की जाती थी जो यहां से चलकर रंगबाड़ी बालाजी के पहंुचती थी। यहां पूजन के बाद भवानीशंकर जी की बगीची में राजसी खेल चौगन्या का आयोजन होता था जिसमें एक भैंसे को मदिरा पिलाकर उसके शरीर पर घाव करके छोड़ दिया जाता था और महाराव के द्वारा चयनित सरदार द्वारा उसका वध किया जाता था। उसके बाद सवारी गढ़ लौट जाती थी। सांयकाल रावण वध की सवारी निकलती थी। जो अत्यधिक भव्यरूप में होती थी। जलेब चौक में राजकीय लवाजमा एकत्रित होता था। यहां खेजड़ी वृक्ष का पूजन किया जाता था। फिर मुगलों द्वारा दिए गए मरतब और निशानों का भी पूजन होता था। उसके बाद गोबर के रावण को एक खास घोड़े के खुर से गोंदकर सवारी आरंभ होती थी।
कोटा का जेठी समाज दशहरे पर अपनी अनूठी मिट्टी के रावण को रौंदने की परंपरा निभाता है। श्राद्ध पक्ष में नांता, किशोरपुरा और लिम्बजा माता मंदिर के अखाड़ों में मिट्टी से रावण बनाया जाता है, जिसमें दूध, दही, शक्कर और शहद का प्रयोग किया जाता है। अमावस्या तक तैयार रावण के सिर और मुख पर गेहूं के ज्वारे उगाए जाते हैं। नवरात्र में मंदिर का द्वार बंद रहता है। नवरात्र के दौरान अखाड़ों में देवी के 11 भजन गाए जाते हैं और उसके बाद देर रात तक पारंपरिक गरबा होता है। नवमी को खुलने पर विशेष पूजा-अर्चना, ढोल-नगाड़ों तथा रणभेरी के बीच युद्ध जैसा वातावरण बनाया जाता है। दशहरे पर लिम्बजा माता के जयकारों के साथ रावण को पैरों से कुचलकर उसके अहंकार को मिट्टी में मिला दिया जाता है, जिसके बाद उसी अखाड़े में मल्लयुद्ध का दंगल आयोजित होता है। यह परंपरा जेठी समाज की पुरानी पहलवानी और अखाड़ा संस्कृति से जुड़ी हुई है। इसके बाद बुजुर्गों द्वारा ज्वारे वितरित किए जाते हैं और लोग बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लेते हैं।

जेठी समाज मूलतः गुजरात से आए गुजराती ब्राह्मणों का समाज है, जिनकी कुलदेवी लिम्बा माता हैं। कोटा के पूर्व महाराजा उम्मेद सिंह ने उन्हें यहां बसाया और कुश्ती परंपरा को प्रोत्साहित करते हुए किशोरपुरा तथा नांता में अखाड़े बनवाए। रियासत काल में जेठी समाज के पहलवान दशहरे पर बृजनाथजी की सवारी के साथ सुरक्षा व्यवस्था में भी चलते थे। इस प्रकार अखाड़ा, कुश्ती, नवरात्रि, गरबा और रावण दहन की परंपराएं आज भी कोटा की विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा हैं।

रावण हठ और सवारी का क्रम -आरंभ में सवारी में महाराव हाथी पर सोने की तीतरी वाले हौदे में विराजित होते थे और पीछे उनके बंधु-बांधव चंवर ढुलाते हुए चलते थे। बाद में उम्रदराज़ होने के कारण वह महायान में आने लगे। जलेब चौक में महाराव की सवारी रूकती थी और हरकारों द्वारा रावण हठ की परम्परा निभाई जाती थी जिसमें रावण को समझाने का उपक्रम किया जाता था और रावण के न मानने पर उसके वध के लिए प्रस्थान किया जाता था। तोपों के दागने के साथ यह सवारी सैलारग़ाज़ी दरवाजे से निकला करती थी किन्तु बाद में यह नए दरवाजे से निकलनी आरंभ हो गई। सवारी में एक निश्चित क्रम होता था-
सबसे आगे निशान का हाथी जिस पर सरदार कोटा राज्य का गरूड़ निशान का झंडा लिए होता था। उसके बाद मक्कारे का घोड़ा, फिर दूसरा हाथी, गढ़ जाप्ता के जवान, फिर डोर की हथनी, जमना का निशान का खासा घोड़ा , कोटा सेना के जवान, सुनहरी साज का खासा घोड़ा, फिर जाँगढ़, भाँड, धोला, हरकारा, चौबदार, मिरधा, नकीब, चंवर बरदार, सलहरवान का बांस जलूसी संख्या - 4, बल्लभ फरेरा लिए हुए जेठीसंख्या-4, खांसा बन्दूकाँ-2, चँवर-2, मोरछल-2, तरवार-1, छतरी-1, अडाणी करणी-1, पासवान साथ का सरदार, जमींदार पैदल, उसके पश्चात् श्री जी हजूर बहादुर महायान पर होते थे जिसे आठ व्यक्ति उठाते थे। महायान के साथ जाप्ता के पीछे भाले सरदार, गंगा जलकी, गंगा जल वाला व पहरा का सिपाही, तामझाम-2, मरातिब के हाथी-2, नौबत बजने वाला -2 जम्बूर खाना के सवार होते थे। यह सवारी रेतवाली में विश्राम करती थी और वहां तोपें दागी जाती थीं। इन्हें देखने के लिए भीड़ उमड़ा करती थी।
कोटा राज्य की दशहरा सवारी में तोपों के साथ कोगबाण (अग्नि के आतिशी बाण) चलाने की भी परंपरा थी। आगे चलकर रावण-वध के अवसर पर प्रयुक्त होने वाली तोपों का प्रचलन समाप्त होने के पश्चात् उनके स्थान पर कोगबाण चलाने की परंपरा का उल्लेख मिलता है। इससे स्पष्ट होता है कि कोटा के दशहरे में युद्ध-स्मृति, राजकीय सैन्य प्रदर्शन और उत्सवी आतिशबाजी तीनों तत्व एक-दूसरे से जुड़े हुए थे। रावण के वध स्थल पर लंका का दरवाजा बनाया जाता था जिस पर तोरण लगा होता था। महाराव, राजकुमार और पुरोहित वहां पहुंचकर तोरण पर कोरड़ा मारकर लंका विजित करते थे फिर राम-सीता जी के पाने व शमी वृक्ष का पूजन होता था।
रावण व उसके परिवार के सदस्यों कुम्भकरण, मेघनाथ, सूर्पणनखा खरदूषण के पुतलों के सिर लकड़ी व मिट्टी के बनाकर उन पर चित्रकारी की जाती थी। रावण का सिर 80 मन लकड़ियों से व अन्य पुतलों के सिर 40 से 20 मन लकड़ियों के होते थे। पंचमी के लिए झंडा भी लगाया जाता था। उस समय रावण की नाक इतनी बड़ी बनायी जाती थी कि उनमें एक बकरा या कुत्ता आसानी से प्रवेश कर सकता था। इस अवसर पर तीर चलाने से पूर्व फिर से रावण को हठ छोड़ने के लिए चेतावनी दी जाती थी। तब रावण के पुतले के पीछे बैठा व्यक्ति रावण की ओर से ना मानूं-ना मानूं कहता था। इस पर कोटा महाराव द्वारा रावण की नाभि पर तीर चलाया जाता था जिससे की उसके नाभि में रखा अमृतरूपी लाल रंग का घड़ा फूट जाता था। उसके बाद अन्य पुतलों के सिरों को हाथी से खिंचवाकर नीचे गिरा दिया जाता था। इस अवसर पर 19 तोपें (दुर्गो, नारायण बाण, नगीना, बलमदेज, ढाईसेरी, ऊनधरी - सूंधरी, सो कण्डे, कीनाले )दागी जाती थीं। इन पुतलों के सिर की लकड़ियों को छीनने के लिए निम्न वर्ग लालायित रहता था। वध के बाद सवारी गढ़ की ओर लौट जाती थी जहां दरीखाने में पान के बीड़े परोसे जाते थे।
वर्ष 1964 को कोटा के रावण-दहन की परंपरा में एक महत्वपूर्ण परिवर्तन का वर्ष माना जा सकता है क्योंकि इस वर्ष से रावण के पुतले बनाए जाने लगे जिनमें आतिशबाजी को पुतले के अंदर लगाया जाता था। इस समय 70 फुट ऊंचे पुतले बनाए गए। वर्तमान में गढ़ से हाथी पर हौदे में लक्ष्मीनाथ जी की शोभा यात्रा को गाजे बाजे और लोककलाकारों के प्रदर्शन के साथ रावण दहन स्थल पर ले जाने की परम्परा है वहां ज्वारे की पूजा और रावण दहन किया जाता है। राजसी वैभव से आरंभ हुई यह परंपरा आज लोकजीवन, कला, अखाड़ा संस्कृति, शिल्प और सामुदायिक सहभागिता के अनेक रंगों को अपने भीतर समेटे हुए है। बदलते समय के बीच भी कोटा का दशहरा अपनी मूल सांस्कृतिक पहचान को संजोए हुए अतीत और वर्तमान के बीच एक जीवंत सेतु बना हुआ है।
लेख:
नेहा प्रधान,कोटा राजस्थान।
नंदगांव की रावण हठ और वध की अनूठी परम्परा
October 20, 2026