आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिका शुक्ल नवमी | बुद्धवार

नक्षत्र: शतभिषा | योग: व्याघात | करण: बालव

पर्व विशेष : | तदनुसार 18 नवंबर 2026

आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिका शुक्ल नवमी | बुद्धवार

नक्षत्र: शतभिषा | योग: व्याघात | करण: बालव

पर्व विशेष : | तदनुसार 18 नवंबर 2026

अवसाद और मानसिक अस्थिरता के कालखण्ड में : युवाओं के समक्ष स्थितप्रज्ञ राम का आदर्श

अवसाद और मानसिक अस्थिरता के कालखण्ड में : युवाओं के समक्ष स्थितप्रज्ञ राम का आदर्श


भगवान श्रीराम का जीवनचरित्र एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक आख्यान तो है ही, जो लोक में धर्म, कर्म, भक्ति व कर्त्तव्य के उच्चतम मील्य स्थापित करता है; परन्तु साथ-साथ यह मानव मनोविज्ञान और संकट प्रबन्धन का भी एक महत्वपूर्ण अध्याय हमें पढ़ाता है। दिल्ली विश्वविद्यालय के युवा शोधकर्त्ता श्री हर्षवर्धन राय जी ने अपने इस लेख में बड़ी सूक्ष्मता से इसका उद्घाटन करते हुए बताया है कि आधुनिक युग की त्वरित आनन्द की लालसा और भौतिकता की अन्धी दौड़ में फंसी युवा पीढ़ी श्रीराम के आदर्शों से किस प्रकार मानसिक सन्तुलन और धैर्य की शिक्षा प्राप्त कर सकती है। लेखक श्रीराम के जीवनाचरित्र से यह स्पष्ट करते हैं कि पद और उपलब्धियों से परे मनुष्य की वास्तविक पहचान क्या है तथा विकट संघर्षों को अवसर में बदलकर किस प्रकार असाध्य को साध्य बनाया जा सकता है।


प्रसन्नतां या न गताभिषेकतस्तथा न मम्ले वनवासदुःखतः।
मुखाम्बुज श्रीरघुनन्दनस्य मे सदास्तु सा मञ्जुलमङ्गलप्रदा॥

आज के युग में जहाँ विज्ञान और प्रौद्योगिकी ने मानव को भौतिक वैभव के शिखर पर स्थापित कर दिया है, वहीं मानसिक स्थिरता और धैर्य का स्तर चिन्ताजनक रूप से गिरा हुआ दिखाई देता है। युवा पीढ़ी एक विचित्र बेचैनी, निराशा और अव्यवस्था के चक्रव्यूह में उलझी हुई प्रतीत होती है। त्वरित आनन्द की लालसा ने उस आन्तरिक मजबूती को क्षीण कर दिया है जो विपत्तियों का डटकर मुकाबला करने में सहायक होती है।

मामूली असफलता, आजीविका में कोई अनपेक्षित बदलाव या निजी सम्बन्धों में उत्पन्न तनाव युवाओं को गहन उदासी और दिशाहीनता की गहराई में डुबो देता है। इस बदलते दौर में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का जीवन वृत्त केवल पौराणिक कथा या आध्यात्मिक कथा तक सीमित नहीं रह जाता, अपितु यह मनोविज्ञान, सङ्कट प्रबन्धन और भावनात्मक बुद्धिमत्ता का एक जीवन्त और प्रासंगिक अध्ययन बन जाता है। राम का जीवन दर्शन सिखाता है कि परिस्थितियां कितनी भी प्रतिकूल क्यों न हों, कितनी ही कठोर क्यों न हों, मानसिक सन्तुलन को कैसे अटल रखा जाए।


प्रतिकूल परिस्थितियों में राम का आदर्श देता है संबल

रामायण के अयोध्या काण्ड का वह प्रसंग मानव इतिहास की प्रमुख मनोवैज्ञानिक चुनौतियों में गिना जाता है। सोचिए उस युवक की मनोदशा की, जिसका अगले ही सुबह सम्राट के रूप में राज्याभिषेक होना तय है। सम्पूर्ण अयोध्या नगरी उल्लास में मग्न है, बधाइयों का उत्सव है और भविष्य के स्वप्न रंगे-बिरंगे चित्र उकेर चुके हैं। परन्तु रात्रि के अन्तिम पल में सब कुछ उलट पुलट हो जाता है। राजकीय मुकुट के स्थान पर वनवासी वस्त्र सौंप दिए जाते हैं और सिंहासन के बदले 14 वर्षों का कठोर वनवास घोषित कर दिया जाता है।

साधारण व्यक्ति के लिए यह कोई कम तीव्र मानसिक आघात नहीं होगा। क्रोध, निराशा, प्रतिरोध या शोक, ये सामान्य मानवीय भावनाएं हो सकती थीं। परन्तु यही वह क्षण है जब राम का 'रामत्व' प्रकट होता है। वाल्मीकि जी के अनुसार राज्यारोहण छिनने और निर्वासन के आदेश पर भी राम के चेहरे की आभा में कोई अन्तर नहीं पड़ा। उनकी यह शान्त स्वीकृति और विरोध का पूर्ण अभाव समकालीन युवाओं के लिए सबसे बड़ा रहस्यमय उपदेश है।

राम का यह दृढ़ मानसिक संयम भारतीय दर्शन की 'स्थितप्रज्ञ' अवस्था का सटीक चित्रण करता है। स्थितप्रज्ञ वह व्यक्ति है जो आनन्द दुःख, विजय पराजय और लाभ हानि के बीच समदृष्टि रखता है। वर्तमान युवाओं में व्याप्त अव्यवस्था का मूल कारण उनकी आत्मसत्ता को पदवी, उपलब्धियों और सांसारिक सम्पदाओं से जोड़ लेना है। जब कोई युवा प्रतियोगिता में हार जाता है या आजीविका से पदच्युत हो जाता है, तो उसे प्रतीत होता है कि उसका सम्पूर्ण अस्तित्व ही नष्ट हो गया। राम हमें उपदेश देते हैं कि पद केवल एक दायित्व हो सकता है, न कि हमारी मूल पहचान।

राम के लिए युवराज का स्थान केवल एक उत्तरदायित्व था, उनकी आन्तरिक पहचान नहीं। अतएव जब वह पद छिन गया, तब भी उनका आन्तरिक सार अपरिवर्तित रहा। यदि आज का युवा यह ग्रहण कर ले कि उसका वास्तविक मूल्याङ्कन उपाधि या धन सम्पत्ति से नहीं, अपितु उसके गुणों और प्रतिकूलताओं में अडिग रहने की शक्ति से होता है, तो समाज में फैले अधिकांश मानसिक विकार और आत्मघाती प्रवृत्तियां स्वयं समाप्त हो जाएंगी।

वनवास प्राप्ति के पश्चात् राम का व्यवहार प्रमाणित करता है कि कर्मफल के प्रति अनासक्ति किसी भी अभिशाप को आशीर्वाद में कैसे परिवर्तित कर सकती है। राम ने निर्वासन को दण्ड के रूप में ग्रहण नहीं किया, अपितु इसे एक अभियान के रूप में अपनाया। वे वन पहुंचकर भाग्य को दोष न देकर या पुरानी ऐश्वर्यपूर्ण स्मृतियों में खोकर विलाप नहीं करते। इसके विपरीत उन्होंने अपने कर्मयोग को बिना रुके जारी रखा। समकालीन युवा जब आजीविका के संकट या बड़ी विफलता का सामना करता है, तो प्रायः स्वयं को एकान्त में कैद कर लेता है और सामाजिक सम्बन्धों से विमुख हो जाता है।

राम का वनवास सिखाता है कि जब एक पथ अवरुद्ध हो जाए, तो कर्मयोगी स्वयं नया पथ गढ़ता है। वन विहार के दौरान राम ने समाज के निम्नतम और वंचित वर्गों को अपनाया। उन्होंने निषादराज गुह से मैत्री रची, शबरी के जूठे बेरों का सेवन किया और निर्वासित सुग्रीव के साथ सन्धि की। उन्होंने न्यूनतम साधनों से एक वानर दल का संगठन किया जिसने उस काल की सर्वाधिक शक्तिशाली राक्षसी शक्ति को पराजित कर दिया।


वनवासकाल - उद्यमिता और नेतृत्व का सफलम उदाहरण

यह युवाओं के लिए उद्यमिता और नेतृत्व का प्राचीनतम सफल उदाहरण है, जहाँ सीमित स्रोतों में भी दृढ़ इच्छाशक्ति और निरन्तर प्रयास से असाध्य को साध्य बनाया जा सकता है। युवा समाज में अव्यवस्था का एक और बड़ा कारक है अधिकारों की अन्धी होड़ और दायित्वों की उपेक्षा। आज प्रत्येक व्यक्ति प्रश्न करता है कि राज्य या समुदाय ने उसके लिए क्या किया, किन्तु दुर्लभ ही कोई चिन्तन करता है कि उसका समुदाय के प्रति क्या उत्तरदायित्व है।

राम को वनवास का प्राज्ञापन होते ही उनके पास विद्रोह का पूर्ण अधिकार और सामर्थ्य था। उनके छोटे भाई लक्ष्मण अत्यन्त उत्तेजित थे और सशस्त्र क्रान्ति के लिए उद्यत थे। अयोध्या की जनता राम के पक्ष में थी और कैकेयी के निर्णय को निरस्त करने को तत्पर थी। राम यदि इच्छुक होते तो तुरन्त सत्ता परिवर्तन कर सकते थे। किन्तु राम ने निजी अधिकारों और अल्पकालिक लाभ को धर्म और सामाजिक मर्यादा के ऊपर वरीयता नहीं दी।

उन्होंने लक्ष्मण के उन्माद को शान्त किया, जो आधुनिक दृष्टि से क्रोध नियन्त्रण का श्रेष्ठ नमूना है। राम को ज्ञात था कि यदि वे स्वार्थवश पिता की प्रतिज्ञा और राजवंशीय प्रतिष्ठा को भङ्ग करते, तो आने वाले काल में समाज में कोई नैतिकता का पालन न करता। उन्होंने व्यापक सामाजिक हित के लिए अपना सुख त्याग दिया। युवाओं को ग्रहण करना चाहिए कि स्वाधीनता का तात्पर्य अनियन्त्रितता या अव्यवस्था नहीं, सच्ची मुक्ति वह है जो अनुशासन और दायित्व बोध से आबद्ध हो।

संयम और धैर्य के पर्याय है श्रीराम
संयम और धैर्य के पर्याय हैं श्रीराम

इसके अतिरिक्त श्रीराम का जीवन हमें सिखाता है कि संघर्ष ही जीवन की वास्तविक पाठशाला है। महलों में पले बढ़े राम जब वनों की धूल फांकते हैं, कांटों पर चलते हैं और अपनी पत्नी के अपहरण का असहनीय दुःख सहते हैं, तब जाकर वे 'मर्यादा पुरुषोत्तम' बनते हैं। यदि राम केवल अयोध्या के राजा बनकर रह जाते, तो कदाचित इतिहास उन्हें भूल चुका होता।

वनवास की भट्टी में तपकर ही उनका चरित्र कुन्दन बना। आधुनिक युवा पीढ़ी जो अति सुरक्षित परिवेश में पल रही है, उसे संघर्षों से घबराने के स्थान पर उन्हें एक अवसर के रूप में देखना चाहिए। असफलताएं और चुनौतियां हमें तोड़ने के लिए नहीं, अपितु हमें यह बताने के लिए आती हैं कि हमारे भीतर कितनी अपार क्षमताएं छिपी हैं।

निष्कर्षतः श्रीराम का चरित्र आज की युवा पीढ़ी के लिए एक संजीवनी बूटी के समान है। राज्याभिषेक से 1 रात पूर्व सब कुछ छिन जाने पर भी उनका असहज न होना यह सिद्ध करता है कि सच्ची शक्ति बाहरी परिस्थितियों को नियन्त्रित करने में नहीं, अपितु अपने स्वयं के मन और प्रतिक्रियाओं को नियन्त्रित करने में है। जिस दिन आज का युवा राम के इस 'स्थितप्रज्ञ' भाव को अपने भीतर आत्मसात कर लेगा, उस दिन से न केवल उसके व्यक्तिगत जीवन की हताशा दूर होगी अपितु समाज में व्याप्त अराजकता, असहिष्णुता और अवसाद का भी समूल नाश हो जाएगा।

राम कोई बीते हुए कल की कहानी नहीं हैं, वे हर उस युवा के लिए कल, आज और कल का वह शाश्वत मार्गदर्शक हैं जो जीवन के अन्धेरों में भी अपने कर्म और धर्म का दीप जलाए रखने का साहस रखता है।

-हर्षवर्धन राय
(लेखक दिल्ली विश्वविद्यालय के डॉ. जाकिर हुसैन कॉलेज में इतिहास के शोधार्थी व भारतीय ज्ञान परंपरा के अध्येता हैं, जो प्राचीन इतिहास और सांस्कृतिक मूल्यों के परिमार्जन हेतु अध्ययनरत हैं।)

 

 

Follow us on social media and share!