आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिक शुक्ल द्वितीया | मंगलवार

नक्षत्र: अनुराधा | योग: शोभन | करण: बालव

पर्व विशेष : | तदनुसार 10 नवंबर 2026

आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिक शुक्ल द्वितीया | मंगलवार

नक्षत्र: अनुराधा | योग: शोभन | करण: बालव

पर्व विशेष : | तदनुसार 10 नवंबर 2026

पितृपक्ष: लोकजीवन में पुरखों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता का पर्व

पितृपक्ष: लोकजीवन में पुरखों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता का पर्व


सोचिए तो, आप जीवित हैं और किसी प्रेत को अपने घर आने का न्योता दे रहे हैं, लेकिन आश्चर्य यह कि मन में उस अदृश्य सत्ता से भय की जगह श्रद्धा है और हृदय में विकार की जगह उसके प्रति कृतज्ञता है। है न अद्भुत?

भारतीय मनीषा अद्भुत ही है मित्र! पितृतर्पण हैलोवीन जैसा कोई डरावना खेल नहीं है, बल्कि यह मृत्यु के पार जा चुके पितरों के प्रति कृतज्ञता का पाक्षिक उत्सव है। आत्मीयता के इस पखवाड़े में जब स्त्री घर के द्वार को लीपती है, आटे का चौक पूरती है, उसे फूलों से सजाती है... और उसी घर का पुरुष "ॐ विष्णवे नमः" के संकल्प से तर्पण शुरू करता है, तो दृश्य और अदृश्य जगत के लाखों प्रकाशवर्ष की दूरी एकदम से सिमटकर एक अंजुरी भर जल में उतर आती है। उस समय तर्पण करते पुरुष के मन की भावना बस यही होती है कि - "मेरा यह अस्तित्व, मेरा यह शरीर, मेरा यह जीवन ... आप पुरखों के ही आशीष के प्रतिफल हैं।" पुरखे भी श्रद्धा के उस जल से, उस आदर से, उस कृतज्ञता से और आँसुओं के उस मौन प्रवाह से तृप्त हो उठते हैं। तर्पण की धार देती अंजुरी से गिरी श्रद्धा की एक-एक बूंद, समंदर जितनी गहरी होकर पीढ़ियों को तार देती है।

कहीं पढ़ा था कि पितरपाख लोक के आचमन का पर्व है। यह कितनी सुंदर बात कही गई है न? मुझे याद है कि जब गाँव के तालाब में नहाते हुए कुछ बुजुर्ग अपनी हथेली में जल रखकर तीन बार उसकी बूँदों को पी रहे होते थे, तब उस आचमन से उनका मन न जाने क्यों लेकिन बहुत प्रसन्न दिखाई देता था। भारतीय परंपरा में आचमन केवल पानी पीना भर तो नहीं है न, बल्कि यह हमारे मन, बुद्धि, चित्त और अहंकार का शुद्धिकरण है और यह आचमन यदि इस लोक को और उस परलोक से जोड़ दे, तो तर्पण केवल एक पारिवारिक कर्मकाण्ड कहाँ रह जाता है? वह तो लोक का महापर्व बन जाता है।

पितरों को जल अर्पण
पितरों को जल अर्पण

पितृपक्ष केवल लोक के आचमन का ही पर्व नहीं होता, यह स्वाद के जरिए पुरखों की स्मृतियों को संजोकर उसे जीवंत बनाए रखने की एक अनुपम लोक परंपरा भी है। मैं यह कैसे भूल सकता हूँ कि द्वितीया वाले दिन गाँव को पितर जिमाने के लिए दादी कैसे रात से ही लोहे की काली चपटी कढ़ाई में मालपुआ तलने बैठ जाया करती थी और सुबह मैं कैसे पिताजी के साथ द्वार-द्वार जाकर सभी को घर में आकर पितर जीमने का न्योता दे आता था! स्वाद का भी अपना एक स्मृतिकोष होता है। दोपहर को जब पितर जीमने पूरा समाज एक साथ बैठता था, तो वे उसी स्मृति के सहारे खाते-खाते सहज ही कह देते थे कि- 'पिछले साल की तुलना में इस साल मालपुआ तनिक नरम बना है।' साल के इन पंद्रह दिनों में पितरों की पसंद के ये पकवान समय के पहिए को पीछे घुमा देते थे, और हम महसूस करने लगते थे कि जिन्हें हम खो चुके हैं, वे आज भी इन्हीं व्यंजनों के स्वाद और खुशबू में हमारे बीच जीवित हैं।

लेकिन अब समय बदल रहा है मित्र! हमारी अगली पीढ़ी अब जवान और आधुनिक हो रही है। इन्हें यह समझाना कठिन हो रहा है कि साल के ये सोलह दिन पितरों के होते हैं। यह समय उन्हें सुमिरन करने का, उनके नामों को बुदबुदाने का होता है। उनके लगाए पेड़ों को सींचने का होता है। उन्हें "हे पुरखा हो! जहां घाम होय, तहां छाँव के राखव धियान, लइका-पिचका मन ला देवो असीस अऊ सुख के दान।" कहते हुए गुहारने का होता है। मगर हमारी नई पीढ़ी अब इस बातों को कम ही समझती है।

गाँव की मिट्टी से उखड़कर शहर में बस जाने की अपनी पीड़ा है। शहर के फ्लैट्स में न तो पितरों को पुकारा जाता है और न ही आकाश में उड़ते कौवों के लिए यहाँ कोई मुंडेर है कि कौवे आकर 'काक-बलि' को चुग सकें। यहाँ कंक्रीट के जंगल में न तो दादी के मालपुए की सुगंध तैरती है, और न ही समाज का वह सामूहिक नेह दिखता है। फ्लैट्स बंद दरवाजों की संस्कृति वाले गाँव होते हैं। यहाँ स्वाद के स्मृतिकोष बहुत निर्धन होते हैं। ऐसे में पितृपक्ष के बहाने बच्चों को कृतज्ञता का पाठ पढ़ाना, उन्हें समझाना कि मनुष्य होने के लिए भीतर कृतज्ञता का होना बहुत जरूरी है... थोड़ा कठिन काम है।

गाँव के घर में पितृपक्ष 
गाँव के घर में पितृपक्ष 

आज सर्व पितृमोक्ष अमावस्या है। घर के बच्चों से जिस कृतज्ञता की अपेक्षा रहती है, आज उस कृतज्ञता को व्यक्त करने का सबसे महत्वपूर्ण दिन है। 'पितृ ऋण' को स्वीकारने की आत्मिक चेतना का दिन है। इस तिथि की बड़ी विशेषता है। यह सर्वसमावेशी तिथि है। कहते हैं कि यदि कोई व्यक्ति अपने किसी दिवंगत पूर्वज की मृत्यु की सही तिथि भूल गया हो, या किसी कारणवश पूरे पितृपक्ष में श्राद्ध न कर पाया हो, तो वह इस दिन उन सभी ज्ञात-अज्ञात पितरों के निमित्त श्राद्ध, तर्पण और पिंड दान कर सकता है। 

श्राद्ध, तर्पण और पिंडदान से हम इस ब्रह्माण्डीय सत्य को रेखांकित करते हैं कि जीवन एक अटूट शृंखला है। हम शून्य से निर्मित नहीं हुए हैं। हमारे भीतर हमारे पूर्वजों का अंश है। जो आज नहीं हैं, तो क्या हुआ? वे कल थे और आज हमारे रक्त और विचारों में प्रवाहित हैं। उन्हें स्मरण करना, उनका श्राद्ध करना, उन्हें तर्पण करने का आज अंतिम अवसर है।
शास्त्र में आज ' पंचबलि'  और संध्या में दीपदान का विधान है। पंचबलि में किसी की बलि नहीं  दी जाती। यह भोग होता है जिसे गाय, कुत्ता, कौआ, चींटी और पक्षियों को अर्पण किया जाता है। दीपदान का आशय भी 'कुतुप काल' के विदाई से है। यह दीपक अमावस्या के घने अंधकार में पितरों को उनके लोक में लौट जाने का सुगम मार्ग दिखाता है।

पितरों की जय हो!
उनकी कृपा बनी रहे।

दीपदान
दीपदान

लेख-
करुणा सागर पण्डा 
रायपुर (छत्तीसगढ़)

Follow us on social media and share!