आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिक शुक्ल द्वितीया | मंगलवार

नक्षत्र: अनुराधा | योग: शोभन | करण: बालव

पर्व विशेष : | तदनुसार 10 नवंबर 2026

आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिक शुक्ल द्वितीया | मंगलवार

नक्षत्र: अनुराधा | योग: शोभन | करण: बालव

पर्व विशेष : | तदनुसार 10 नवंबर 2026

गुजरात के वनांचल की नवरात्रि: जनजातीय परम्पराओं में शक्ति उपासना

गुजरात के वनांचल की नवरात्रि: जनजातीय परम्पराओं में शक्ति उपासना


गुजरात का स्मरण होते ही मन में आधुनिक गरबा, कृत्रिम प्रकाश और लाउडस्पीकरों की ध्वनि उभरती है। किन्तु राज्य के पूर्वी और दक्षिणी वनांचल क्षेत्रों, छोटा उदेपुर, नर्मदा, भरूच, तापी और डांग में प्रवेश करते ही नवरात्रि का एक भिन्न और गहन आध्यात्मिक स्वरूप दिखाई देता है। यहाँ निवास करने वाले राठवा, तड़वी और पड़वी (वसावा) समुदायों के लिए शक्ति किसी मूर्ति तक सीमित नहीं है। वह जल, जंगल, जमीन, वायु और अंकुरित होते बीजों में स्पन्दित एक जीवित सत्ता के रूप में अनुभव की जाती है। इस पर्व का एक महत्त्वपूर्ण पक्ष इन समाजों की सामूहिकता है, जहाँ व्यक्तिगत आग्रह पीछे छूट जाता है और पूरा गाँव एक कुटुम्ब के रूप में प्रकृति के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करता है। यह नौ दिवसीय अनुष्ठान केवल बाहरी उत्सव नहीं, बल्कि आत्मा, पूर्वजों (खत्री) और प्रकृति के साथ सामूहिक सम्बन्ध की साधना भी है।

राठवा समाज में जवारा और घेर नृत्य
राठवा समाज की नवरात्रि परम्परा बीजारोपण, सामूहिक श्रम और पितृ स्मरण से जुड़ी हुई है। नवरात्रि के प्रथम दिन जवारा उगाने का कार्य किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरा समुदाय इसमें सहभागी होता है। गाँव के युवा और बुजुर्ग वनों से उपजाऊ काली मिट्टी लाते हैं और बाँस की ताजी टोकरियों में जौ और गेहूँ के बीज बोते हैं। नौ दिनों तक जवारों की नियमित सेवा की जाती है। उन्हें जल से सींचना, उनकी देखभाल करना और अंकुरित होते बीजों को देखना पूरे समुदाय के अनुष्ठान का हिस्सा बन जाता है। राठवा साधकों की मान्यता में जवारे का प्रत्येक अंकुर उनके कुल, अन्नपूर्णा स्वरूपा देवी ‘कंसारी माता’ और सृजनकर्ता ‘बाबा पिठोरा’ की कृपा से जुड़ा है।

उत्सव की रातों में राठवा पुरुष ‘घेर’ नृत्य के लिए निकलते हैं। वे अपने शरीर पर चावल के लेप से श्वेत आकृतियाँ बनाते हैं। इसे शरीर की भौतिक सीमाओं से परे शुद्धता के प्रतीक के रूप में देखा जाता है। कमर में बँधे भारी पीतल के घुँघरुओं, जिन्हें ‘घूँघरा’ कहा जाता है, और सिर पर सजे मोरपंख नृत्य की विशिष्ट पहचान हैं। पीहो और ढोल की थाप पर किया जाने वाला यह वृत्ताकार घेर नृत्य सामूहिक लय पर आधारित है। इसमें कोई एक व्यक्ति केन्द्र में नहीं रहता। पूरा समूह एक साथ गति करता है। इस नृत्य में सामूहिकता, प्रकृति और समय के चक्र का भाव दिखाई देता है।

राठवा समाज का पारम्परिक घेर नृत्य
राठवा समाज का पारम्परिक घेर नृत्य

तड़वी समाज में नर्मदा और मातृ चेतना
नर्मदा के तटों और विंध्य सतपुड़ा की तलहटियों में बसे तड़वी समाज की नवरात्रि परम्परा जल, मातृ चेतना और सामाजिक एकता से जुड़ी है। तड़वी जनजीवन में माँ नर्मदा केवल नदी नहीं, बल्कि जीवनदायिनी जगदम्बा के रूप में पूजित हैं। नवरात्रि के दिनों में गाँव का प्राचीन चबूतरा, महुआ या वटवृक्ष भी उपासना स्थल बन जाता है। यहाँ बड़े मन्दिर या सजावट की अपेक्षा सामुदायिक सहभागिता को अधिक महत्त्व मिलता है। काँसे की थाली, कटोरी और ढोलक की थाप के बीच पूजा और नृत्य सम्पन्न होते हैं।

तड़वी महिलाएँ और पुरुष अपने पारम्परिक परिधानों में एक दूसरे का हाथ थामकर या तालियाँ बजाते हुए गोल घेरे में नृत्य करते हैं। उनके लोकगीतों में प्रकृति के प्रति आदर, वर्षा की कामना और गाँव की सुख शान्ति का भाव मिलता है। नवमी और दशहरे के अवसर पर पूरे गाँव के जवारे एकत्र किए जाते हैं। गाँव की बहनें और बेटियाँ सिर पर जवारे की टोकरियाँ रखकर कतारबद्ध निकलती हैं। समुदाय मंगल गीत गाते हुए नर्मदा तट की ओर बढ़ता है। जवारों का विसर्जन प्रकृति से प्राप्त वस्तु को पुनः प्रकृति को समर्पित करने के भाव से जुड़ा है। इसके बाद गाँव में सामूहिक रूप से तैयार किया गया नैवेद्य प्रसाद के रूप में सभी घरों में बाँटा जाता है। इस परम्परा में सामाजिक सहभागिता और परस्पर सम्बन्ध का भाव स्पष्ट दिखाई देता है।


नर्मदा तट से जुड़ी जनजातीय आस्था

पड़वी समुदाय में फसल, भगत और पावरी 
पड़वी (वसावा) समुदाय में नवरात्रि तप, सामूहिक उत्तरदायित्व और नई फसल के आगमन से जुड़ी हुई है। खरीफ की पहली पकी बाली खेत से काटे जाने के बाद उसका एक अंश सर्वप्रथम कुलदेवी कंसारी माता को समर्पित किया जाता है। यह परम्परा अन्न और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करती है। इस समाज में गाँव के ‘भगत’, जिन्हें बड़वा या पुरोहित भी कहा जाता है, धार्मिक अनुष्ठानों में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बड़वा नौ दिनों तक उपवास और साधना करते हैं। समुदाय इस तपस्या को गाँव की सुख शान्ति और संकट निवारण से जोड़कर देखता है।

शाम होते ही गाँव के चौराहे पर सामूहिक अलाव प्रज्वलित किया जाता है। उसके आसपास बच्चे, युवा और बुजुर्ग एकत्र होते हैं। ‘पावरी’ की ध्वनि वातावरण को विशिष्ट स्वर देती है। पावरी सूखी लौकी, बाँस और मधुमक्खी के मोम से बनाया जाने वाला पारम्परिक वाद्य है। पावरी की स्वर लहरी के साथ पड़वी युवक और युवतियाँ पंक्तिबद्ध होकर हाथ से हाथ जोड़ते हैं और सामूहिक लोकनृत्य आरम्भ करते हैं। स्थानीय मान्यताओं में इस ध्वनि को पूर्वजों और अदृश्य शक्तियों के स्मरण से भी जोड़ा जाता है। एक लय में उठते कदम और सामूहिक स्वर में गाए जाने वाले लोकगीत इस समाज की सामूहिक जीवन दृष्टि को व्यक्त करते हैं। यहाँ उत्सव व्यक्तिगत प्रदर्शन के बजाय सामूहिक सहभागिता पर आधारित दिखाई देता है।

वनांचल संस्कृति का पारम्परिक पावरी वाद्य
वनांचल संस्कृति का पारम्परिक पावरी वाद्य

प्रकृति और समुदाय से जुड़ी नवरात्रि
राठवा, तड़वी और पड़वी समुदायों की नवरात्रि परम्पराओं में जवारा, अन्न, जल, वृक्ष, पूर्वज और सामूहिक नृत्य एक दूसरे से जुड़े हुए हैं। यहाँ धार्मिक अनुष्ठान और सामाजिक जीवन अलग अलग नहीं दिखाई देते। बीज बोने से लेकर जवारा पूजन और विसर्जन तक पूरा समुदाय सहभागी रहता है। इन परम्पराओं में प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का भाव प्रमुख है। पहली फसल देवी को अर्पित करना हो, नर्मदा में जवारा विसर्जित करना हो या सामूहिक नृत्य में पूरा गाँव एक लय में चलना, प्रत्येक परम्परा मनुष्य और प्रकृति के परस्पर सम्बन्ध को व्यक्त करती है।

इन वनांचल समुदायों की नवरात्रि यह भी बताती है कि धाaर्मिक उत्सव केवल बाहरी सजावट या व्यक्तिगत उपासना तक सीमित नहीं होते। वे समुदाय को जोड़ने, पूर्वजों को स्मरण करने, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और साझा उत्तरदायित्व को पुनः स्थापित करने का माध्यम भी बनते हैं। सदियों से चली आ रही इन परम्पराओं का मूल भाव यही है कि मनुष्य प्रकृति से अलग नहीं, बल्कि उसका एक अंग है। जल, जंगल, जमीन और अन्न के साथ उसका सम्बन्ध केवल उपभोग का नहीं, बल्कि श्रद्धा, उत्तरदायित्व और सहभागिता का भी है।

लेख-
डॉ. रत्ना त्रिवेदी 
गुजरात 

Follow us on social media and share!