आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिक शुक्ल द्वितीया | मंगलवार

नक्षत्र: अनुराधा | योग: शोभन | करण: बालव

पर्व विशेष : | तदनुसार 10 नवंबर 2026

आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिक शुक्ल द्वितीया | मंगलवार

नक्षत्र: अनुराधा | योग: शोभन | करण: बालव

पर्व विशेष : | तदनुसार 10 नवंबर 2026

जनजातीय समाज में कलशों और जवारों के साथ शारदीय नवरात्र का पर्व

जनजातीय समाज में कलशों और जवारों के साथ शारदीय नवरात्र का पर्व


मंडला मध्य प्रदेश का एक जनजातीय बहुल जिला है। जिला मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर नर्मदा नदी के किनारे रामनगर गाँव स्थित है। 16वीं शताब्दी के दौरान गोंड शासकों ने इस क्षेत्र में मोती महल, राय भगत की कोठी, बेगम महल और रानी महल सहित कई किले और महल बनवाए थे। यह क्षेत्र जनजातीय जीवन और परम्पराओं से गहराई से जुड़ा हुआ है। इन्हीं ऐतिहासिक स्थलों के निकट चौगान की मढ़िया स्थित है, जिसे पूर्व गोंड राजाओं और बैगा जनजाति की आस्था से जुड़ा देवस्थान माना जाता है। चौगान बैगा जनजाति बहुल गाँव है और यहाँ की मढ़िया आसपास के जनजातीय समाज के लिए महत्त्वपूर्ण धार्मिक स्थल है।

चौगान की मढ़िया से जुड़ी एक जनश्रुति के अनुसार बहुत समय पहले चंडी माता इस क्षेत्र में भ्रमण के लिए निकली थीं। गोंड राजाओं ने उनके दर्शन किए और उनसे वहीं रुकने तथा महल में अपना स्थान बनाने का आग्रह किया। चंडी माता वहाँ नहीं रुकीं और आगे बढ़ते हुए चौगान के बैगा बहुल गाँव में पहुँचीं। वहाँ के बैगा गुनिया ने चंडी माता से गाँव में रुकने और अपना स्थान स्थापित करने का आग्रह किया। जनश्रुति के अनुसार देवी ने उनका आग्रह स्वीकार कर लिया। तभी से यहाँ मढ़िया की स्थापना मानी जाती है।


चौगान मढ़िया: जनजातीय आस्था का केन्द्र

चौगान की मढ़िया में जनजातीय समाज वर्ष में आने वाली दोनों नवरात्रियों के दौरान नौ दिनों तक देवी देवताओं की पूजा करता है। इस अवधि में लगभग 4000 कलश और जवारे स्थापित किए जाते हैं। मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु माता का आशीर्वाद लेने के लिए कलश और जवारे स्थापित करते हैं। नवरात्रि के नौ दिन पूरे होने के बाद जवारों को पुण्यसलिला नर्मदा नदी में विसर्जित किया जाता है।

इस शक्तिस्थल को जनजातीय समाज के लोग ‘स्वर्ग की सीढ़ी’ के रूप में भी मानते हैं। चौगान के इस दरबार में मंडला, डिंडौरी, कवर्धा, अनूपपुर, उमरिया और जबलपुर जिलों के साथ मध्य प्रदेश के अन्य क्षेत्रों तथा आसपास के राज्यों से भी श्रद्धालु आते हैं। प्रत्येक वर्ष चैत्र नवरात्रि के अवसर पर लगभग 4000 कलशों और जवारों की स्थापना की जाती है। इससे पूरा मढ़िया परिसर हरियाली से आच्छादित हो जाता है। बाँस की टोकरियों में बोए गए जवारे इस धार्मिक अनुष्ठान का प्रमुख हिस्सा हैं।

चौगान मढ़िया की ‘स्वर्ग की सीढ़ी’
चौगान मढ़िया की ‘स्वर्ग की सीढ़ी’

श्रद्धालुओं के अनुसार किसी की मन्नत पूरी होने पर वह बाँस की एक टोकनी, मिट्टी का बड़ा दीपक और तेल बाती लेकर मढ़िया पहुँचता है। पुजारी द्वारा बताए गए स्थान से विशेष प्रकार की मिट्टी लाई जाती है। उसी मिट्टी में जवारे बोए जाते हैं और कलश की स्थापना की जाती है।

चौगान मढ़िया में नवरात्रि के नौ दिनों तक विभिन्न धार्मिक गतिविधियाँ होती हैं। अनेक श्रद्धालु यहाँ रहकर व्रत रखते हैं और देवी की उपासना करते हैं। वे प्रतिदिन होने वाली पूजा अर्चना में भी भाग लेते हैं। इस दौरान बैगा पंडा देवी की पूजा करते हैं और श्रद्धालुओं को धूनी की भभूति प्रसाद के रूप में देते हैं। भक्त इसे श्रद्धापूर्वक ग्रहण करते हुए अपने जीवन के कष्टों से मुक्ति की कामना करते हैं।

चौगान मढ़िया में जवारा आराधना
चौगान मढ़िया में जवारा आराधना

चौगान की मढ़िया केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि स्थानीय जनजातीय समाज की सामूहिक आस्था और परम्परा का केन्द्र भी है। नवरात्रि के समय स्थापित होने वाले हजारों कलश और जवारे इस परम्परा को विशिष्ट स्वरूप देते हैं।

पीढ़ियों से चले आ रहे इन अनुष्ठानों के माध्यम से श्रद्धालु देवी, नर्मदा और अपने सामुदायिक जीवन के साथ सम्बन्ध बनाए रखते हैं। यही कारण है कि चौगान की मढ़िया जनजातीय धार्मिक परम्पराओं और सामूहिक आस्था के एक महत्त्वपूर्ण केन्द्र के रूप में आज भी जीवित है।

लेख-
डॉ. विजय चौरसिया

मध्य प्रदेश

Follow us on social media and share!