सर्वपितृ अमावस्या: तर्पण और श्राद्ध का महात्म्य
October 10, 2026
संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिक शुक्ल द्वितीया | मंगलवार
नक्षत्र: अनुराधा | योग: शोभन | करण: बालव
पर्व विशेष : | तदनुसार 10 नवंबर 2026

विक्रम सम्वत् के बारहों मास में प्रत्येक मास का अपना एक अलग महत्व है। प्रत्येक मास में विभिन्न व्रत और त्यौहार होते हैं जो अनेक प्रकार से शुभफल देने वाले हैं। भारतीय पाञ्चाङ्ग में आठवाँ माह कार्तिक मास है भारतीय कालगणना में जिसका नामकरण कृत्तिका नक्षत्र के आधार पर किया गया है। यह मास देवताओं के सेनापति भगवान शिव और माँ पार्वती के पुत्र स्वामी कार्तिकेय को समर्पित है स्वयं भगवान नारायण उन्हें स्कन्दपुराण के माहेश्वरखण्ड (केदारखण्ड अध्याय 15 में) ‘कृत्तिकानन्दन’ ऐसा कहकर संबोधित करते हैं। भगवान नारायण श्रीमद्भागवद्गीता में 10 वें अध्याय में देव सेनापति स्वामी कार्तिकेय को “सेनानीनामहं स्कन्द:” अपनी विभूति बताते हैं। दक्षिण भारत में स्वामी कार्तिकेय की ‘मुरुगन’ इस नाम से पूजा की जाती है। स्वामी कार्तिकेय ने ही देवासुर संग्राम का नेतृत्व करते हुए राक्षस तारकासुर का वध किया था। स्वामी कार्तिकेय के प्रश्न करने पर श्रीमहादेवजी ने उन्हें कार्तिक व्रत के बारे में भली प्रकार वर्णन किया था ।
न कार्तिकसमो मासो न कृतेन समं युगम् ।
न वेदसदृशं शास्त्रं न तीर्थं गङ्गया समम्॥ (संक्षिप्त श्रीस्कन्द पु. , वै. का. मा. 1.36-37)
अर्थ :- कार्तिक मास के समान कोई मास नहीं, सत्ययुग के समान कोई युग नहीं, वेदों के समान कोई शास्त्र नहीं और गंगाजी के समान दूसरा कोई तीर्थ नहीं है।
कार्तिक मास भारत के लोगों के उत्साह का प्रमुख केंद्र है क्योंकि कार्तिक मास में दीपावली का उत्साह विश्व प्रसिद्ध है। कार्तिक मास में करवा चौथ, स्कन्द षष्ठी, अहोई अष्टमी, रमा एकादशी, धनतेरस, रूपचतुर्दशी, दीपावली, गोवर्धनपूजा, भाई दूज, पांडव पंचमी, सूर्य षष्ठी (छठ पूजा), गोपाष्टमी, आंवला नवमी, देवउठनी एकादशी एवं माता तुलसी विवाह, भीष्म पंचक व्रत, वैकुंठ चतुर्दशी व्रत एवं त्यौहार मनाए जाते हैं। कार्तिक व्रत से ही माता सत्यभामा भगवान श्रीकृष्ण की पटरानी हुई जिसकी कथा स्कन्दपुराण में वर्णित है। भगवान श्रीनारायण के पार्षद जय और विजय ने एक दूसरे को गजेन्द्र और ग्राह होने का शाप दे दिया और एक बार गजेन्द्र ने नदी में स्नान के लिए जैसे ही प्रवेश किया वह कार्तिक मास का समय था, गजेन्द्र के प्रवेश करते ही ग्राह ने गजेन्द्र का पैर पकड़ लिया और गजेन्द्र के स्तुति करने पर भगवान श्रीहरि ने दोनों का उद्धार किया। कार्तिक शुक्ल एकादशी से पूर्णिमा तक भीष्म पंचक व्रत का भी भगवान भगवान कृष्ण ने पितामह भीष्म के लिए प्रतिपादन किया और कहा यह व्रत मुझे संतुष्ट करने वाला है।
स्वामी कार्तिकेय: देवसेना के सेनापति
कार्तिक मास में स्नान करने की परंपरा है और कार्तिक महीने में जप, तप, संयम, नियम और व्रतों का विशेष पालन किया जाता है इसी से इसे साधारण स्नान न मानकर कार्तिक स्नान कहा गया है। कार्तिक मास में ब्रह्म मुहूर्त में जागकर नित्यकर्मों से निवृत्त हो विधिपूर्वक भगवान नारायण से प्रार्थना करते हुए स्नान करना महान पुण्य प्रदान करने वाला है। कार्तिक स्नान स्वयं भगवान नारायण को प्रिय है इसी से यह सब प्रकार से कामनाओं की सिद्धि करने वाला है। कार्तिक स्नान करके यथाशक्ति सुपात्र और सुयोग्य व्यक्ति को उत्तमोत्तम वस्तुओं का दान करने से मनुष्यों के पाप नष्ट हो जाते हैं। कार्तिक स्नान के 4 प्रकारों वायव्य, वारुण, ब्राह्म, दिव्य का भगवान श्री कृष्ण माता सत्यभामा से वर्णन करते हैं। कार्तिक मास में पुष्कर तीर्थ और दीपदान की भी बड़ी महिमा है, पुष्कर तीर्थ का सेवन करने से मनुष्य परम कल्याण को प्राप्त होता है, जो व्यक्ति कार्तिक स्नान करता है वह यज्ञ का अवभृथ स्नान भी कर लेता है।
वनस्पतीनां तुलसी मासानां कार्तिकः प्रियः।
एकादशी तिथीनां च क्षेत्राणां द्वारका मम।। (संक्षिप्त श्रीपद्मपुराण, उत्तरखण्ड, अध्याय 192)
अर्थ :- वनस्पतियों में तुलसी, महीनों में कार्तिक, तिथियों में एकादशी तथा पुण्य-क्षेत्रों में द्वारकापुरी मुझे विशेष प्रिय हैं। कार्तिक मास में ब्रह्मचर्य धारण कर, निषिद्ध वस्तुओं का त्याग करके, विभिन्न वेदमन्त्रों से भगवान नारायण का ध्यान करते हुए, उन्हें अर्घ्य प्रदान करते हुए, मंत्रोच्चार करते हुए पवित्र नदियों और भगवान का ध्यान करते हुए स्नान करने से व्यक्ति महान पुण्य प्राप्त करता है। कार्तिक मास की विशेषता का वर्णन भगवान श्रीकृष्ण ने माता सत्यभामा के प्रश्न करने पर उन्हे सुनाया था जिसका उल्लेख पद्मपुराण में मिलता है । व्यक्ति बाहर और भीतर से शुद्ध होकर कार्तिक व्रतारम्भ करे और विधि - निषेध का पालन करते हुए भगवान नारायण की अर्घ्य, पाद निवेदन कर धूप, दीप, तुलसीपत्र एवं नेवैद्य आदि के द्वारा भगवान की पूजा से अक्षय फल को प्राप्त करता है।
कार्त्तिकेऽहं करिष्यामि प्रातःस्रानं जनार्दन।
प्रीत्यर्थ तव देवेश दामोदर मया सह।
ध्यात्वाऽहं त्वां च देवेश जलेऽस्मिन् स्नातुमुद्यतः ।
तव प्रसादात्पापं मे दामोदर विनश्यतु ॥ (संक्षिप्त श्रीपद्मपुराण, उत्तरखण्ड, अध्याय 188 एवं संक्षिप्त श्री स्कन्दपुराण वैष्णव खण्ड, कार्तिक मास माहात्म्य अध्याय 106)
अर्थ :- जनार्दन ! देवेश ! लक्ष्मी सहित दामोदर ! मैं आपकी प्रसन्नता के लिये कार्तिक में प्रातः स्नान करूँगा। देवेश्वर ! आपका ध्यान करके मैं इस जलमें स्रान करने को उद्यत हूँ। दामोदर आपकी कृपासे मेरा पाप नष्ट हो जाय । श्रीमद्भागवद्गीता मनुष्यों के पापों को भस्म कर देने वाली और भगवान का प्रेम प्रदान करने वाली है, यह पुरातन होते हुए भी नित्य नवीन है, सदैव एक नई अनुभूति प्रदान करने वाली है इसी से कार्तिक मास में गीता का पाठ अनंत फल देने वाला होता है । स्वयं श्रीब्रह्माजी स्कन्दपुराण वैष्णव खण्ड, कार्तिक मास माहात्म्य १०५ वें अध्याय में कार्तिक मास के महत्व का वर्णन करते हुए श्रीनारदजी से कहते हैं - “जो मनुष्य कार्तिक मास में नित्य गीता पाठ करता है उसके पुण्यफल का वर्णन करने की शक्ति मुझमें नहीं है। ”
कार्तिके मासि विप्रेन्द्र यस्तु गीतां पठेन्नर:।
तस्य पुण्यफलं वक्तुं मम शक्तिर्न विद्यते॥
गीतायास्तु समं शास्त्रं न भूतं न भविष्यति ।
सर्वपापहरा नित्यं गीतैका मोक्षदायिनी॥ (संक्षिप्त श्रीस्कन्द पु., वै. का. मा. 2.49-50)

कार्तिक स्नान की पावन परम्परा
पद्मपुराण के उत्तरखंड अध्याय 172 में भगवान श्रीकृष्ण सम्राट युधिष्ठिर के प्रश्न करने पर कार्तिक मास की दोनों एकादशी के महत्व का वर्णन करते हैं। देवउठनी एकादशी के पश्चात ही चातुर्मास का समापन और इस व्रत का उद्यापन होता है जिसका वर्णन पद्मपुराण के इसी खंड अध्याय 174 में किया गया है। चातुर्मास में भगवान नारायण क्षीरसागर में शेषशैय्या पर योगनिद्रा में शयन करते हैं और इस समय सृष्टि का भार श्रीमहादेवजी के पास होता है और कार्तिक मास में चातुर्मास के समाप्त होने पर भगवान श्रीहरि योगनिद्रा से जागकर सृष्टि का पालन करने का दायित्व महादेवजी जी से लेते हैं।
उत्तिष्ठोत्तिष्ठ गोविन्द उत्तिष्ठ गरुडध्वज।
उत्तिष्ठ कमलाकान्त त्रेलोक्यमङ्गलं कुरु॥ (संक्षिप्त श्रीस्कन्द पु., वै. का. मा. अध्याय 119)
अर्थ :- हे गोविन्द! उठिये, उठिये, हे गरुड़ध्वज! उठिये, हे कमलाकान्त! निद्रा का त्याग कर तीनों लोकों का मंगल कीजिये।
राक्षसी उद्धार, राजा चोल और विष्णुदास, धनेश्वर ब्राह्मण आदि कथाओं से कार्तिक मास का पद्म पुराण में सविस्तार निरूपण किया गया है। श्रीस्कन्द पुराण में भी कार्तिक मास के माहात्म्य का सविस्तार वर्णन किया गया है। हमारे ग्रंथों की सार्थकता वास्तव में इसी में है की वह ज्ञान मनुष्य अपने अंतःकरण में स्थापित कर उसका चिंतन, मनन और निदिध्यासन करते हुए स्वयं में आत्मसात करें और लोगों को भी इससे जुडने हेतु प्रेरित करे। अंत में हम यह कहते हैं की भगवान की ये कथाएं अन्तःकरण को निर्मल करने वाली है। जब अन्तः कारण निर्मल हो जाता है तो पाप राशि नष्ट होने लगती है, और जब सम्पूर्ण पाप नष्ट हो जाते हैं तो ईश्वर से प्रेम हो जाता है, और फिर व्यक्ति पुनः पाप के मार्ग में प्रवृत्त नहीं होता।
हमारे ऋषि - मुनियों ने अपनी महान तपस्या के प्रभाव से यह अद्भुत एवं कल्याणकारी ज्ञान और मार्गदर्शन हमें प्रदान किया है यह प्रत्येक के वश की बात नहीं है की वह इनका पालन कर सके यद्यपि ये व्रत और नियम सरल नहीं हैं तो भी मनुष्यों को अवश्य ही इन्हें धारण करते हुए ईश्वर के भजन ध्यान में लगने के उद्देश्य से भगवान नारायण के प्रति श्रद्धा रखते हुए उनका प्रेम प्राप्त करने के लिए कार्तिकमास व्रत, कार्तिक स्नान और विशेष रूप से भगवान की लीला - कथाओं का अध्ययन और सेवन करना चाहिए जिससे उसके भीतर ईश्वर के प्रति प्रेम और श्रद्धा में वृद्धि हो सके और वह उत्तरोत्तर बढ़ती रहे।

चातुर्मास के पश्चात भगवान विष्णु का जागरण
मनु स्मृति के आठवें अध्याय में कहा गया है - रक्षित किया हुआ धर्म सदैव रक्षक की रक्षा करता है “धर्मो रक्षति रक्षितः” साथ ही इसी अध्याय में यह भी कहा गया है की इस संसार में एक धर्म ही सच्चा मित्र है जो मृत्यु के पश्चात भी साथ नहीं छोड़ता जिसका फल अग्रिम जन्म में भी प्राप्त होता है, इसी से मनुष्यों को किसी भी बहाने या अकारण ही सदैव धर्म से जुड़े रहते हुए धर्म का लाभ लेने से उनका जन्म कृतार्थ और सफल हो सकता है।
एक सुंदर देशभक्ति गीत की कुछ पंक्तियाँ भी है -
इस धरती को स्वर्ग बनाया, ॠषियों ने देकर बलिदान॥
उन्हीं के वंशज आज चले फिर, करने को इसका निर्माण।
कर्म पंथ पर आज सभी को, गीता ग्यान बुलाता है॥1॥
धीरे-धीरे देश हमारा, आगे बढता जाता है।
लेख-
विशाल प्रजापत
देवास, मध्य प्रदेश
हिन्दू धर्म में कार्तिक स्नान एवं कार्तिक मास का महत्व
October 27, 2026