आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिक शुक्ल द्वितीया | मंगलवार

नक्षत्र: अनुराधा | योग: शोभन | करण: बालव

पर्व विशेष : | तदनुसार 10 नवंबर 2026

आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिक शुक्ल द्वितीया | मंगलवार

नक्षत्र: अनुराधा | योग: शोभन | करण: बालव

पर्व विशेष : | तदनुसार 10 नवंबर 2026

भारतीय डाक सेवा की ऐतिहासिक यात्रा

भारतीय डाक सेवा की ऐतिहासिक यात्रा


भारत में प्राचीन काल से ही संचार माध्यमों की आवश्यकता रही है। सदियों से मानव समाज ने संवाद और अभिव्यक्ति के लिए अनेक माध्यम अपनाए। रामायण और महाभारत काल में सन्देशों के आदान प्रदान के लिए सन्देशवाहकों को भेजे जाने के उल्लेख मिलते हैं। कहा जाता है कि मौर्यकाल तक डाक व्यवस्था पर्याप्त विकसित हो चुकी थी। इसके बाद अलग अलग कालखण्डों में यह व्यवस्था विभिन्न नामों और स्वरूपों में जारी रही।

समय के साथ डाक व्यवस्था में अनेक परिवर्तन हुए। डाक टिकट, पोस्टकार्ड, अन्तर्देशीय पत्र, पिनकोड और स्पीड पोस्ट जैसी व्यवस्थाएँ इसी विकास यात्रा का हिस्सा हैं। सन्देशों के आदान प्रदान में पक्षियों के उपयोग का उल्लेख भी इतिहास में मिलता है। ब्रिटिश काल से वर्तमान तक भारतीय डाक की यात्रा केवल प्रशासनिक इतिहास तक सीमित नहीं रही। यह लोगों की खुशी, दुःख, प्रतीक्षा और स्मृतियों से भी जुड़ी रही है। आजादी के आन्दोलन से जुड़े अनेक क्रान्तिकारियों के जीवन में भी पत्र और डाक महत्त्वपूर्ण माध्यम रहे।

भारत में आधुनिक डाक व्यवस्था के विकास का क्रम कई चरणों में आगे बढ़ा। 1766 में लॉर्ड क्लाइव द्वारा प्रथम डाक व्यवस्था स्थापित किए जाने का उल्लेख मिलता है। 1774 में वारेन हेस्टिंग्स ने कलकत्ता में प्रथम डाकघर की स्थापना की। 2 दिसम्बर 1784 को सरकारी दस्तावेजों के लिए पार्सल व्यवस्था प्रारम्भ हुई। 1793 में बम्बई, वर्तमान मुंबई, में प्रधान डाकघर की स्थापना हुई।n1 नवम्बर 1849 को बम्बई प्रेसीडेंसी में पंजीकृत डाक व्यवस्था शुरू की गई। 1 जुलाई 1852 को कराची से ‘सिंध डाक’ नाम से प्रथम डाक टिकट जारी किया गया। 15 अक्टूबर 1854 को भारत में दो रंगों वाला डाक टिकट छापा गया।

भारत का ऐतिहासिक सिंध डाक
भारत का ऐतिहासिक सिंध डाक

1863 में रेल डाक सेवा प्रारम्भ हुई। 1 जुलाई 1879 को पोस्टकार्ड सेवा और 1880 में मनी ऑर्डर सेवा शुरू की गई। 18 फरवरी 1911 को इलाहाबाद से नैनी के बीच प्रथम एयरमेल सेवा के माध्यम से डाक भेजी गई। हवाई जहाज से डाक भेजने वाला भारत विश्व का पहला देश बना। 9 फरवरी 1931 को भारत का पहला स्मारक डाक टिकट जारी किया गया, जिसमें नई दिल्ली से जुड़ी प्रमुख घटनाओं को दर्शाया गया था।

21 नवम्बर 1947 को स्वतन्त्र भारत का प्रथम डाक टिकट ‘जय हिन्द’ जारी किया गया। 15 अगस्त 1948 को महात्मा गांधी स्वतन्त्र भारत के डाक टिकट पर सम्मानित होने वाले प्रथम व्यक्ति बने। 15 अगस्त 1972 को पिनकोड व्यवस्था की शुरुआत हुई।

1980 का दशक टेलीग्राम सेवा के व्यापक उपयोग का समय रहा। डाक विभाग के 1980 और 1990 के दशकों को देखें तो पोस्टकार्ड और अन्तर्देशीय पत्र, पत्र व्यवहार के सर्वाधिक लोकप्रिय साधनों में थे। ये दोनों माध्यम आज भी अनेक लोगों की स्मृतियों का हिस्सा हैं।

स्वतंत्र भारत का ‘जय हिन्द’ टिकट
स्वतंत्र भारत का ‘जय हिन्द’ टिकट

1 अप्रैल 1986 को स्पीड पोस्ट सेवा प्रारम्भ की गई। 1998 में उपग्रह डाक सेवा और 3 जनवरी 2002 को इंटरनेट आधारित सेवा की शुरुआत हुई। अगस्त 2011 में भारतीय डाक ने कश्मीर के श्रीनगर में डल झील पर एक फ्लोटिंग पोस्ट ऑफिस का उद्घाटन किया।

समय के परिवर्तन के साथ डाक विभाग ने अपनी सेवाओं को आधुनिक संसाधनों से जोड़ा, लेकिन उसके सामाजिक और मानवीय पक्ष का महत्त्व बना रहा। डाक को उसके गन्तव्य तक पहुँचाने के लिए हरकारों और बाद में डाकियों ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। ये कर्मचारी मौसम, दूरी और कठिन परिस्थितियों की परवाह किए बिना पत्र और पार्सल लोगों तक पहुँचाते रहे हैं। डाकिये से मेरा अपना भावनात्मक सम्बन्ध भी रहा है। बात पूरी नहीं होगी, यदि मैं दिल से डाकिये का धन्यवाद न करूँ। वह डाकिया ही था, जिसने मेरा नियुक्ति पत्र मेरे हाथ में सौंपा था। मेरी पहली प्रकाशित रचना ‘वो पुरातन खेल’ भी डाकिये ने ही मुझे सौंपी थी। इस अनुभव के आधार पर यह कहा जा सकता है कि डाक विभाग और डाकिये रचनाकारों के भी अच्छे मित्र रहे हैं।

समय बदला और प्रौद्योगिकी के प्रसार के कारण चिट्ठी पत्री का चलन कम हुआ। मोबाइल फोन, ईमेल और त्वरित सन्देश सेवाओं ने संवाद की गति बदल दी। इसके बावजूद भारतीय डाक का सम्बन्ध अनेक पारिवारिक और सांस्कृतिक परम्पराओं से आज भी बना हुआ है।

घर-घर पहुँचता भारतीय डाकिया
घर-घर पहुँचता भारतीय डाकिया

रक्षाबन्धन इसका एक सहज उदाहरण है। इस अवसर पर बहनों द्वारा भेजे गए रक्षासूत्र को भाई की कलाई तक पहुँचाने में आज भी डाक विभाग के कर्मचारी अपनी भूमिका निभाते हैं। ऐसे अवसरों पर डाक केवल वस्तु पहुँचाने का माध्यम नहीं रह जाती, बल्कि वह सम्बन्धों और भावनाओं को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुँचाने का कार्य भी करती है।

भारतीय डाक की यात्रा को केवल संचार व्यवस्था के विकास के रूप में नहीं देखा जा सकता। इसमें शासन, तकनीक और प्रशासन के साथ समाज की स्मृतियाँ भी जुड़ी हैं। कभी नियुक्ति पत्र, कभी परिवार की चिट्ठी, कभी किसी लेखक की प्रकाशित रचना और कभी भाई के लिए भेजी गई राखी, इन सबके बीच डाक विभाग ने अपने मानवीय सम्बन्ध को बनाए रखा है।

प्रौद्योगिकी ने संचार के साधन अवश्य बदल दिए हैं, लेकिन भारतीय डाक का इतिहास बताता है कि किसी सन्देश का मूल्य केवल उसकी गति में नहीं होता। कई बार उसका वास्तविक मूल्य उस प्रतीक्षा, सम्बन्ध और भावना में होता है, जिसके साथ वह अपने गन्तव्य तक पहुँचता है।

लेख-
श्रीमती पुष्पा शर्मा
केकड़ी, अजमेर (राज.)

Follow us on social media and share!