आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिक शुक्ल द्वितीया | मंगलवार

नक्षत्र: अनुराधा | योग: शोभन | करण: बालव

पर्व विशेष : | तदनुसार 10 नवंबर 2026

आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिक शुक्ल द्वितीया | मंगलवार

नक्षत्र: अनुराधा | योग: शोभन | करण: बालव

पर्व विशेष : | तदनुसार 10 नवंबर 2026

हाड़ौती अंचल के प्रमुख देवी मन्दिर

हाड़ौती अंचल के प्रमुख देवी मन्दिर


श्री ब्राह्मणी माता का मन्दिर, सोरसन
श्री ब्राह्मणी माता का मन्दिर बाराँ जिले से लगभग 28 किलोमीटर दूर सोरसन में स्थित है। स्थानीय मान्यता के अनुसार ब्राह्मणी माता लगभग 700 वर्ष पूर्व यहाँ प्रकट हुई थीं। मन्दिर एक पुराने किले के भीतर स्थित है और चारों ओर से परकोटे से घिरा हुआ है। इसे गुफा मन्दिर के नाम से भी जाना जाता है।

मन्दिर के तीन प्रवेश द्वार हैं, जिनमें से दो कलात्मक हैं। मुख्य प्रवेश द्वार पूर्वमुखी है। परिसर के मध्य में माता का स्थान है। मन्दिर में गुम्बद, द्वार मण्डप और शिखरयुक्त गर्भगृह है। गर्भगृह की चौखट लगभग 5 गुणा 7 फीट की है, जबकि प्रवेश मार्ग लगभग 3 गुणा 2.53 फीट का है। इसी कारण गर्भगृह में झुककर प्रवेश करना पड़ता है। पुजारी भी झुककर ही भीतर प्रवेश करते हैं। माता की प्रतिमा पाषाण की है और एक विशाल चट्टान की चरण चौकी बनी हुई है।

मन्दिर की प्रमुख विशेषता इससे जुड़ी एक विशिष्ट मान्यता है। कहा जाता है कि यह ऐसा मन्दिर है, जहाँ माता के अग्रभाग के स्थान पर उनके पृष्ठभाग की पूजा की जाती है। माता की पीठ का ही श्रृंगार किया जाता है और भोग भी उसी ओर लगाया जाता है। दर्शनार्थी भी माता के पृष्ठभाग के दर्शन करते हैं। माता की प्रतिमा पर प्रतिदिन सिन्दूर लगाया जाता है। कनेर के पत्तों से श्रृंगार किया जाता है और नियमित रूप से बाटी का भोग अर्पित किया जाता है।


श्री ब्राह्मणी माता मन्दिर, सोरसन (बाराँ, राजस्थान)

नगरकोट माता
नगरकोट माता का मन्दिर बाराँ जिले से लगभग 80 किलोमीटर दूर शाहबाद की पहाड़ियों में स्थित है। मन्दिर परकोटे के समीप होने के कारण इसे नगरकोट माता मन्दिर कहा जाता है। स्थानीय विवरण के अनुसार राजा मुकुटमणि देव ने विक्रम संवत् 1521 में इसकी स्थापना करवाई। उन्होंने नगर के चारों ओर परकोटा बनवाया और पहाड़ी के ऊपर माता का मन्दिर स्थापित कराया। युद्ध में विजय के बाद राजा ने तीन देवियों के मन्दिर बनवाए थे। इनमें निहाल देवी, जिन्हें नगरकोट माता भी कहा जाता है, और पनवाड़ा वाली माता का उल्लेख मिलता है।

राजा नगरकोट वाली माता की विशेष रूप से पूजा करते थे और चैत्र नवरात्रि के अवसर पर सेना के साथ माता के दर्शन और पूजा के लिए जाते थे। स्थानीय परम्परा के अनुसार यह क्रम आज भी किसी न किसी रूप में जारी है। शाहबाद कस्बे में अनेक छोटे छोटे मन्दिर होने के कारण प्राचीन समय से माता के नाम पर अखाड़ा निकालने की परम्परा भी रही है। तीनों देवियों के स्थानों पर आज भी मेले लगते हैं। राजा मुकुटमणि के समय देवियों को शक्ति स्वरूप में पूजा जाता था और आज भी नगरकोट माता के प्रति वही श्रद्धा दिखाई देती है। दूर दूर से श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएँ लेकर यहाँ आते हैं। स्थानीय मान्यता है कि माता के दरबार से कोई श्रद्धालु खाली हाथ नहीं लौटता। बताया जाता है कि मन्दिर शाहबाद कस्बे से लगभग 200 फीट ऊपर पहाड़ी पर स्थित है।

रामगढ़ माता या अन्नपूर्णा

रामगढ़ माता का मन्दिर बाराँ जिले से लगभग 40 किलोमीटर दूर रामगढ़ में स्थित है। माता को अन्नपूर्णा के नाम से भी जाना जाता है। मन्दिर एक ऊँची पहाड़ी पर स्थित है, जिसकी ऊँचाई लगभग 260 मीटर बताई जाती है। माता को श्ष्णाई और अन्नपूर्णा, दोनों नामों से पुकारा जाता है। स्थानीय पुजारी के अनुसार मन्दिर की स्थापना अत्यन्त प्राचीन मानी जाती है। झाला जालिम सिंह ने यहाँ मन्दिर तक पहुँचने वाली सीढ़ियों का पुनर्निर्माण करवाया था।

रामगढ़ माता (अन्नपूर्णा) मन्दिर, रामगढ़, बाराँ
रामगढ़ माता (अन्नपूर्णा) मन्दिर, रामगढ़, बाराँ

मन्दिर तक पहुँचने के लिए लगभग 750 सीढ़ियाँ चढ़नी पड़ती हैं। प्राकृतिक चट्टानों के मध्य माता की प्रतिमाएँ विराजमान हैं। मन्दिर का एक भाग लगभग 10 फीट तक अधर में लटका हुआ दिखाई देता है। इसी कारण देवस्थान विभाग द्वारा यहाँ चारदीवारी बनवाई गई।

महन्त के अनुसार हजारों वर्ष पूर्व इस क्षेत्र में उल्कापिंड गिरने के कारण एक क्रेटर का निर्माण हुआ था और इसी पहाड़ी पर माता का मन्दिर स्थापित है। मन्दिर के दूसरी ओर ब्रह्मा समाज का मीठे पानी का एक कुण्ड है, जो वर्ष भर भरा रहता है। यहाँ माता के दो स्वरूपों, श्ष्णाई और अन्नपूर्णा, की पूजा की जाती है।

राता देवी
राता देवी खींची राजवंश की कुलदेवी मानी जाती हैं। उनका मन्दिर झालावाड़ से लगभग 30 किलोमीटर दूर, असनावर के पास लावासल गाँव में मुकुन्दरा की पहाड़ियों के मध्य स्थित है। नवरात्रि के समय यहाँ विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहती है, क्योंकि झालरापाटन से माता के श्रृंगार के लिए सोने के आभूषण लाए जाते हैं। इन आभूषणों से माता का विशेष श्रृंगार किया जाता है।


राता देवी मन्दिर, लावासल क्षेत्र, झालावाड़

मन्दिर के महन्त ने माता की स्थापना से जुड़ी एक कथा बताई। उनके अनुसार राता देवी राजा अचलदास खींची की बहन थीं। वे सती हो गईं और एक पत्थर में परिवर्तित हो गईं। यहाँ माता के दो स्वरूपों की पूजा की जाती है, एक बीजासन और दूसरा अन्नपूर्णा। महन्त के अनुसार माता की मूर्ति के पीछे अचलदास की छाप भी दिखाई देती है। समय समय पर खींची राजाओं के वंशज यहाँ आकर पूजा अर्चना करते हैं।

नवरात्रि में यहाँ विशेष पूजा होती है और परम्परा के अनुसार खींची वंशज इसमें भाग लेते हैं। मन्दिर में देशी घी के दीपक निरन्तर जलते रहते हैं। स्थानीय जानकारी के अनुसार यह राजस्थान के उन विशिष्ट मन्दिरों में है, जहाँ माता का श्रृंगार सरकारी संरक्षण में रखे आभूषणों से किया जाता है। सर्दियों और चैत्र नवरात्रि के समय यहाँ मेला लगता है। नवरात्रि के 9 दिनों में हाड़ौती और मध्य प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं और अपनी मनोकामनाएँ माता के समक्ष रखते हैं। नवरात्रि के दौरान सुरक्षा के लिए पुलिस का पहरा रहता है। बताया जाता है कि यह पहरा प्रत्येक 3 घण्टे में बदला जाता है।

लेख-
डॉ. मुक्ति पराशर सह

कोटा, राजस्थान

Follow us on social media and share!