आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिक शुक्ल द्वितीया | मंगलवार

नक्षत्र: अनुराधा | योग: शोभन | करण: बालव

पर्व विशेष : | तदनुसार 10 नवंबर 2026

आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिक शुक्ल द्वितीया | मंगलवार

नक्षत्र: अनुराधा | योग: शोभन | करण: बालव

पर्व विशेष : | तदनुसार 10 नवंबर 2026

बृहदीश्वर मन्दिर: चोलकालीन शिक्षा और ज्ञान का केन्द्र

बृहदीश्वर मन्दिर: चोलकालीन शिक्षा और ज्ञान का केन्द्र


भारत में मंदिर केवल पूजा-पाठ के साथ साथ ज्ञान और शिक्षा के भी केंद्र रहे हैं। चोल काल का गंगईकोंडा चोलपुरम मंदिर इसका एक शानदार उदाहरण है। यह लेख मंदिर से जुड़ी शिक्षा, शास्त्रों के अध्ययन, गुरु-शिष्य परंपरा और उस समय की शिक्षा प्रणालियों के ज़रिए भारत की समृद्ध ज्ञान-परंपरा के पहलू को सामने लाता है।

चोलकालीन शिव मंदिर अपनी वास्तुकला के लिए दुनिया भर में जाने जाते हैं। इन्हीं में से एक मंदिर गंगईकोंडा चोलपुरम में है। चोल राजाओं ने दक्षिणापथ में वैदिक शिक्षा को लगातार बढ़ावा और संरक्षण दिया। इस गाँव का संबंध बंगाल के गंगा विजय अभियान में राजा राजेंद्र चोल की विजय से जुड़ा है। उस विजय के प्रतीक के रूप में राजेंद्र चोल वहाँ से गंगा का पवित्र जल लाए थे और यहाँ बृहदीश्वर मंदिर की स्थापना की थी।


बृहदेश्वर मंदिर

तंजौर से लगभग 80 किलोमीटर दूर स्थित इस मंदिर के मुख्य देवता भगवान शिव हैं, जबकि देवी पार्वती को यहाँ 'पेरिया नायकी' के नाम से पूजा जाता है। मंदिर परिसर की विशालता और यहाँ की मूर्तिकला देखते ही बनती है। लेकिन इस मंदिर की सबसे प्रमुख पहचान इसका एक विशाल शिक्षा केंद्र होना था। प्राचीन समय में यहाँ वेदों का अध्ययन-अध्यापन होता था। चोल शासकों ने न केवल वेदों के ज्ञान को फैलाया, बल्कि लोगों को उच्च जीवन-मूल्यों के साथ जीवन जीने के लिए प्रेरित भी किया।

चोल राजाओं ने अपने साम्राज्य में कई शिक्षण संस्थान खोले थे, जिनमें गंगईकोंडा चोलपुरम विश्वविद्यालय के रूप में कार्य करता था। राज्य के बाकी सभी छोटे-बड़े शिक्षा केंद्र इसी के मार्गदर्शन में चलते थे। प्रांतों के छोटे मंदिरों में विद्यार्थियों के रहने के लिए आवासीय छात्रावास (गुरुकुल/मठ) होते थे, जबकि राजधानी के बड़े मंदिरों जैसे गंगईकोंडा चोलपुरम का निर्माण उच्च शिक्षा की व्यवस्था को ध्यान में रखकर किया गया था।

मंदिर के चबूतरे पर कई शिलालेख उत्कीर्ण हैं। राजा वीरराजेंद्र चोल के समय का एक शिलालेख उनके पिता राजेंद्र चोल के शासनादेशों की पुष्टि करता है, जिसमें विद्वान ब्राह्मणों और विद्वान सभाओं को दिए गए भूमि तथा राजस्व दान का पूरा ब्यौरा दर्ज है।


उत्कीर्ण शिलालेख

मंदिर परिसर में रहने वाले विद्वानों की मुख्य ज़िम्मेदारी रोज़ाना वैदिक मंत्रों का पाठ करना और विद्यार्थियों को शिक्षा देना था। मंदिर के गर्भगृह और भीतरी मंडपों की बनावट इस तरह की गई थी कि ध्वनि-विज्ञान का बेहतरीन उपयोग हो सके, जिससे मंत्रों की गूँज पूरे मंदिर में बहुत स्पष्ट और भव्य सुनाई देती थी। यही पूरी व्यवस्था इस मंदिर को अपने समय में ज्ञान का एक प्रतिष्ठित केंद्र बनाती थी।

चोल राज्य ने सभी छात्रों को एक ही छात्रावास में नहीं रखा, बल्कि गंगईकोंडा चोलपुरम को राजधानी के आसपास बसे ब्रह्मदेय और 'चतुर्वेदीमंगलम' गाँवों का प्रशासनिक केंद्र बनाया। ये गाँव अपने आप में स्वतंत्र शिक्षा केंद्र थे। इन गाँवों की भूमि शिक्षण संस्थानों के आचार्यों को दान में मिली थी, जिसे राज्य ने पूरी तरह कर-मुक्त रखा था।

Discover These 15 Historically Significant Thanjavur Tourist Places -  Treebo Blog
तंज़ौर के निकट एक गाँव का दृश्य

चोल साम्राज्य में ज्ञान और शिक्षा को सर्वोच्च स्थान प्राप्त था। समाज में गुरुओं का अत्यधिक सम्मान था; ग्रामीण जन श्रद्धापूर्वक उनके खेतों में कार्य करते थे और उत्पादित अनाज सहर्ष उन्हें सौंपते थे। ये गाँव आवासीय विश्वविद्यालय के रूप में कार्य करते थे, जहाँ छात्र योग्य विद्वानों से व्याकरण, दर्शन और चारों वेदों की शिक्षा ग्रहण करते थे। प्रत्येक शिक्षा केंद्र सीधे राजधानी के मंदिर प्रशासन और राजकोष से जुड़ा हुआ था।

पौराणिक आख्यानों से संबंधित मूर्तिकला

मंदिर की विस्तृत मूर्तिकला का मुख्य उद्देश्य समाज को शिक्षित करना था। इसमें नवग्रहों को दर्शाने वाली सौर पीठ और पुराणों की कथाओं के पत्थर पर उकेरे गए चित्र शामिल हैं। उस युग में पत्थर और काँसे की मूर्तियाँ ज्ञान-प्रसार का सशक्त माध्यम थीं।


पौराणिक आख्यानों से संबंधित मूर्तिकला

मंदिर परिसर की स्थापत्य कला विद्वानों और आम जनता को खगोल विज्ञान, आगम शास्त्र तथा दर्शन की शिक्षा देती थी। छात्रों ने मंत्रों के साथ-साथ छह वेदांगों का भी गहराई से अध्ययन किया, जिससे वे भाषा और अनुष्ठानों की वैज्ञानिक प्रक्रिया को समझते थे। इसके अंतर्गत निम्नलिखित विषय शामिल थे:

• शिक्षा, छंद, व्याकरण, निरुक्त, ज्योतिष, कल्प

• दर्शन और तर्कशास्त्र: मीमांसा, न्याय, वेदांत

• विज्ञान और खगोलशास्त्र: मंदिर केवल उपासना स्थल नहीं, बल्कि एक प्रमुख वैज्ञानिक व सामाजिक संस्थान भी था। यहाँ रहने वाले विद्वान और खगोलशास्त्री समय, ग्रहण तथा मौसमी बदलावों का निरंतर अध्ययन करते थे। मंदिर की वास्तुकला और नवग्रह जैसी मूर्तियाँ खगोल विज्ञान व गणित सिखाने का व्यावहारिक माध्यम थीं।


विद्वान और खगोलशास्त्री

  • महाकाव्य, पुराण और धर्मशास्त्र: शिक्षा व्यवस्था में समाज के इतिहास और नैतिक नियमों को भी प्रमुख स्थान दिया गया। इतिहास और पुराण, मंदिर के प्रांगण में आम जनता और विद्यार्थियों को रामायण व महाभारत जैसे महाकाव्यों की कथाएँ सुनाई जाती थीं।

  • धर्मशास्त्र: इसके अंतर्गत सामाजिक जीवन, लोक-प्रशासन और नैतिकता के नियम पढ़ाए जाते थे।

मंदिर के मंडप में प्रतिदिन वैदिक मंत्रों का पाठ होता था। इसके साथ ही यहाँ व्याकरण, तर्क, दर्शन और विज्ञान की उच्च स्तरीय शिक्षा व्यवस्था उपलब्ध थी। इस केंद्र ने चोल साम्राज्य को योग्य विद्वान, कुशल प्रशासक और न्यायविद प्रदान किए। मंदिर के शिलालेखों में उत्तर भारत से आए विद्वानों का भी विशेष उल्लेख मिलता है। गंगा के मैदानी क्षेत्रों, कन्नौज तथा अन्य क्षेत्रों से आने वाले मनीषियों को विशेष रूप से भूमि-दान दिया गया था। वैदिक ज्ञान, उच्च व्याकरण और तर्कशास्त्र में उनकी विद्वता के कारण उन्हें समाज में अत्यंत सम्मान प्राप्त था।

गंगईकोंडा चोलपुरम और राज्य के अन्य प्रमुख संस्थानों में पाणिनीय व्याकरण तथा दार्शनिक ग्रंथों का अध्ययन अनिवार्य था। उच्च शिक्षा का माध्यम संस्कृत भाषा थी, जिसने भारत के चारों दिशाओं को जोड़ने का कार्य किया। ये शिक्षा केंद्र केवल स्थानीय सीमाओं तक सीमित नहीं थे; भारत के विभिन्न हिस्सों से विद्वान यहाँ आते थे और स्थानीय आचार्यों के साथ दर्शन व ज्ञान पर शास्त्रार्थ करते थे। गंगईकोंडा चोलपुरम मंदिर में वैदिक शिक्षा के साथ-साथ लोक-प्रशासन, सिंचाई-प्रबंधन और लेखाशास्त्र की शिक्षा भी दी जाती थी।


संस्कृत पाण्डुलिपि (११वीं शताब्दी)

शिक्षा पूर्ण होने के पश्चात् छात्र को बृहदीश्वर मंदिर के विद्वद्-परिषद (गुरुओं की समिति) के समक्ष उपस्थित होना पड़ता था। समिति द्वारा पूछे गए प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर देने पर ही छात्र की शिक्षा को औपचारिक मान्यता मिलती थी। दर्शन और खगोल शास्त्र जैसे विषयों पर विद्वानों के बीच विस्तृत चर्चाएँ होती थीं, जिनमें आम जनता को भी उपस्थित रहकर ज्ञान अर्जन करने का अवसर मिलता था। बृहदीश्वर मंदिर में ललित कलाओं के प्रशिक्षण हेतु एक स्वतंत्र विभाग था, जहाँ नृत्य, संगीत और चित्रकला की शिक्षा दी जाती थी।

बृहदेश्वर मंदिर के चोल भित्तिचित्र

भारत के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले छात्रों और गुरुओं को यहाँ सम्मानपूर्वक आवास तथा भोजन उपलब्ध कराया जाता था। मंदिर प्रशासन सभी के साथ आदरपूर्ण व्यवहार करता था। आचार्य अपने परिवार के साथ मंदिर परिसर में रह सकते थे। राजा ने विद्वान गुरुओं के निवास के लिए 'अग्रहार' की व्यवस्था की थी। आचार्यों को दान में दी जाने वाली भूमि को 'देवदान' और 'चतुर्वेदीमंगलम' कहा जाता था। राज्य ने इस प्रकार की हज़ारों एकड़ भूमि को पूर्णतः कर-मुक्त रखा था।

इस  व्यवस्था से पता चलता है कि चोल शासक ज्ञान और शिक्षा को कितना महत्व देते थे। दान में प्राप्त भूमि को एक निश्चित अवधि के लिए पट्टे पर दिया जाता था, और उस भूमि से होने वाली उपज का बड़ा हिस्सा सीधे शिक्षण संस्थान अथवा संबंधित आचार्य को प्राप्त होता था। उपज के अतिरिक्त, कृषक संबंधित गुरु या संस्थान को प्रतिवर्ष एक निश्चित धनराशि भी समर्पित करते थे।


बृहदेश्वर मंदिर के चोल भित्तिचित्र

इन मंदिरों का मूल उद्देश्य समाज में ज्ञान, संस्कृति और धर्म का प्रसार करना था। आचार्य आम नागरिकों की जिज्ञासाओं के समाधान और मार्गदर्शन के लिए सदैव सुलभ रहते थे। चोल राज्य ने शिक्षा के साथ-साथ कृषि और व्यावसायिक कलाओं को भी पूरा प्रोत्साहन दिया। कारीगरों और कृषकों को भी जीवन के नैतिक व दार्शनिक पहलुओं पर विचार करने की पूर्ण स्वतंत्रता थी।

विद्वान आचार्य किसी भी साधारण नागरिक के प्रश्न का उत्तर देना अपना पावन कर्तव्य मानते थे; कई बार किसी सामान्य व्यक्ति का एक छोटा-सा प्रश्न भी विद्वानों के बीच नए और गंभीर शास्त्रार्थ का आधार बन जाता था। इस प्रकार, जिस समय उत्तर भारत कठिन राजनीतिक उथल-पुथल के दौर से गुजर रहा था, उस समय दक्षिण भारत ने देश की सनातन ज्ञान-परंपरा, धर्म और सांस्कृतिक धरोहर को पूर्णतः सुरक्षित और पल्लवित रखा।

लेख:
 श्रीजा व्यङ्कटेश

चेन्नई, तमिलनाडु

Follow us on social media and share!