आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिक शुक्ल द्वितीया | मंगलवार

नक्षत्र: अनुराधा | योग: शोभन | करण: बालव

पर्व विशेष : | तदनुसार 10 नवंबर 2026

आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिक शुक्ल द्वितीया | मंगलवार

नक्षत्र: अनुराधा | योग: शोभन | करण: बालव

पर्व विशेष : | तदनुसार 10 नवंबर 2026

शत्रु पर विजय का वरदान प्राप्त होता है बगुलामुखी देवी मन्दिर

शत्रु पर विजय का वरदान प्राप्त होता है बगुलामुखी देवी मन्दिर


झालावाड से उज्जैन मार्ग पर स्थित आगर मालवा जिले के सुसनेर कस्बे से आगे के मार्ग पर आमला ग्राम है। इसी ग्राम से पूर्व की ओर लगभग 25 किमी दूर पूर्व में स्थित है नलखेड़ा कस्बा। इस कस्बे के उत्तर की ओर लखुन्दर नदी के तट पर स्थित है भारत का प्रसिद्ध तांत्रिक बगुलामुखी देवी मन्दिर। चारो ओर सघन वनवृक्षों और दूर-दूर तक फैली हरियाली की गोद में स्थित यह भव्य मन्दिर तांत्रिक सिद्धपीठ के रूप में प्रसिद्ध है। यहाँ पर देश के अनेक चोटी के नेता से लेकर फिल्मी जगत के नामी अभिनेता, अभिनेत्री आते रहते है और अपने जीवन में विजय प्राप्ति, चुनाव विजय, फिल्मी सफलता की कामना करने के लिये शीश नवाकर मन्दिर में तांत्रिक यज्ञ करवाते देखे जा सकते है।

शत्रु पर विजय या अदालती मुकदमें में विजय प्राप्त करने की अभिलाषा से यहाँ आने वालों में प्रत्येक वर्ग के भक्त होते है। मान्यता है क यहाँ बगुलामुखी देवी के समक्ष शीश नवाने और हवन करवाने पर देवी दुःखी व्यक्तियों को अपने शत्रुओं पर विजय की प्राप्त के साथ ही मरणासन्न और गम्भीर बीमारी वाले व्यक्ति, महिला, बालक को जीवन दान का भी वरदान देती है। इसी मान्यता के कारण यहाँ रोजाना देश के अनेक राज्यों से लोग आते है। राजस्थान से बड़ी संख्या में कई भक्त इस मन्दिर में दर्शन करने जाते है।

नलखेड़ा का बगलामुखी सिद्धपीठ
नलखेड़ा का बगलामुखी सिद्धपीठ

मन्दिर में स्थित गर्भगृह की मुख्यपीठ पर तीन देवियाँ प्रतिष्ठित है। इनमें मध्य में बगुले पक्षी की चोंच और नैत्रों के समान वाली देवी बगुलामुखी विराजमान है। देवी यहाँ स्वर्ण व रजत मुकुट, कर्ण कुण्डल, नथ तथा भाल पर दो गोल बिन्दी व कण्ठाहार से सुशोभित रहती है। उनके मुख और शीश पर सदैव पीला चमकदार आवरण रहता है। देवी मूर्ति के बांयी ओर सरस्वती देवी तथा दाहिनीं ओर लक्ष्मी देवी की भी इसी प्रकार की अलंकरण युक्त मूर्ति स्थापित है। तीनों देवियों के शीश पर रजत का छत्र लटका रहता है।

देवी बगुलामुखी का सम्बन्ध महाभारत काल से बताया जाता है। जब पाण्डवों ने युद्ध में अपनी विजय के लिए श्रीकृष्ण की सलाह पर सौराष्ट्र (गुजरात) में हरिद्रा सरोवर पर जाकर देवी बगुलामुखी की आराधना की थी। तब हरिद्रा सरोवर से पीताम्बरा रूप में प्रकट होकर देवी ने उन्हें विजय प्राप्ति का वरदान दिया था। पीताम्बरा (पीले वस्त्र पहने) रूप में प्रकट होने वाली बगुलामुखी को पीला रंग पसन्द होने से यह मन्दिर का पूरा ही पीले रंग से पुता हुआ है। यहाँ के सेवक, पण्डित और सभी भक्त पीला वस्त्र धारण करके ही हवन-पूजा में भोग लेते है। यहाँ तक की हवन, पूजा और भाग में पुष्पमाला में भी पीली वस्तुओं का प्रयोग आवश्यक होता है।

माँ बगलामुखी का पीताम्बरा स्वरूप
माँ बगलामुखी का पीताम्बरा स्वरूप

देवी के यहाँ तांत्रिक हवन व जाप, पाठ में हल्दी की पीली गांठ का प्रयोग बहुतायत से होता है। मन्दिर के पीछे विशाल यज्ञशाला से प्रतिदिन तांत्रिक हवन सैकड़ों की संख्या में होता है। जिनमें तांत्रिक पण्डितों की आवाजें दूर-दूर तक गूंजती है। मन्दिर में देवी के समक्ष सदैव अखण्ड ज्योत जलती है तथा दोनो समय प्रातः और सांय भव्य आरती होती है। बगुलामुखी देवी मन्दिर परिसर में एक विचित्र प्रकार के प्राचीन वृक्ष में चारो ओर बिल्वपत्र, चम्पा, सफेद आंकड़ा, आंवला, नीम और पीपल की पत्तियाँ संयुक्त रूप से एक साथ लगी दिखाई देती है।

अर्थात वे सभी वनस्पति एक साथ एक ही वृक्ष में उगी हुई है जिन्हें देखकर भक्त आश्चर्यचकित रह जाते है। मन्दिर परिसर में राधा कृष्ण और भैरव तथा हनुमान के भी मन्दिर है। मन्दिर का प्रवेश द्वार विशाल सिंहमुखी के स्वरूप का है जिसमें प्रवेश करने पर खुले मैदान में जाकर मन्दिर के सुन्दर 16 स्तम्भो वाले मण्डप में जाया जा सकता है। इसके बाद अन्तराल में प्रवेश करने पर समक्ष के गर्भगृह में देवी बगुलामुखी की सुन्दर मूर्ति के दर्शन होते है। मन्दिर के ठीक सामने 80 फीट ऊंचा एक सुन्दर दीप स्तम्भ है जिसमें नीचे से ऊपर की ओर दीपक रखने के कतारबद्ध गोल खण्ड बने है। इन पर नवरात्रा के समय रात्रि को सैकड़ो दीप प्रज्जवलित किये जाते है।

सिंहमुखी द्वार और दीप स्तम्भ
सिंहमुखी द्वार और दीप स्तम्भ

मन्दिर के दाहिनीं ओर विशाल पक्का पाण्डाल बना है तथा भक्तों के आवास व रात्रि विश्राम हेतु नलखेड़ा कस्बे में अच्छे होटल है। मन्दिर के पीछे लखुन्दर नदी के घाटों पर भी तांत्रिक क्रिया के हवन होते है। इतिहासकार ललित शर्मा के अनुसार बगुलामुखी देवी का यह मूल मन्दिर मालवा के परमारकाल में 12वीं सदी का रहा है और इसके प्राचीन शिल्प और स्थापत्य के अवशेष मन्दिर परिसर में है। बाद में मुगल आक्रमण के कारण यह ध्वस्त हुआ और पुनः 18वीं सदी में मराठा सिन्धियाँ ने इसका जीर्णोद्धार करवाया था। वर्तमान मन्दिर का सभामण्डप 250 वर्ष पूर्व नलखेड़ा के सामन्त सूबेदार सिंह ने बनवाया था।

लेख-
ललित शर्मा 
झालावाड़, राजस्थान 

 

Follow us on social media and share!